हिसार। शहर के नागरिक अस्पताल में मंगलवार सुबह एक युवक आपातकालीन कक्ष में दाखिल हुआ। इस दौरान उसने चिकित्सक के सामने कहा कि ऋषि नगर के श्मशान गृह के पास झाड़ियों में उसके साथ सामूहिक कुकर्म हुआ है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो घायल ने बयान बदलते हुए कहा कि सांड़ ने उसे सींगों पर उठाकर लकड़ियों पर पटक दिया था, जिस कारण उसे चोट आई। सिटी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार एक युवक सुबह करीब 5 बजे सिविल अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में पहुंचा। उसने स्टाफ को बताया कि ऋषिनगर के श्मशानघाट के पास झाड़ियों में उसके साथ सामूहिक कुकर्म हुआ है। घायल किसी नशे में लग रहा था। डॉक्टर ने उसे दाखिल कर उपचार शुरू कर दिया। दोपहर करीब 12 बजे वह बिस्तर से गायब मिला। उधर, बस अड्डा चौकी पुलिस का कहना है कि युवक ने बयान देकर बताया कि श्मशानघाट के पास एक सांड़ ने सींगों पर उठाकर उसे पटका। इस दौरान उसे चोट आई।