सिटी थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में बस स्टैंड चौकी पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपियों को सिरसा बाईपास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी शहर से बाहर भागने की फिराक में थे।
ऋषि नगर में किराये पर रहने वाले रिंकू ने सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह व उसका भतीजा अमन हिसार बस स्टैंड के पास फलों की रेहड़ी की लगाते हैं। रिंकू ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह फल बेचकर वापस घर जा रहे थे तो उस दौरान आजाद नगर निवासी बजरंग व उसके साथी ने उनका रास्ता रोककर रुपये मांगने शुरू कर दिए। रुपये देने से मना किया तो बजरंग ने अचानक अमन पर चाकू से हमला कर दिया और उससे भी मारपीट की। शोर मचाने पर आरोपी वहां से फरार हो गए। रिंकू ने अमन को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से अमन को अग्रोहा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने रिंकू की शिकायत बजरंग व सन्नी में अन्य के खिलाफ धारा 307, 25 और 34 के तहत केस दर्ज किया था। बस स्टैंड चौकी इंचार्ज चांदीराम ने बताया कि आजाद नगर में किराये के मकान में रहने वाला बजरंग, बैंक कॉलोनी निवासी सन्नी के साथ सब्जी मंडी में रेहड़ी लगाता है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि शराब के नशे में कहासुनी के दौरान चाकू से हमला कर दिया था। आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।