हांसी। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत साइबर पुलिस ने सहारनपुर के नवल चौक क्षेत्र निवासी रोहित उर्फ रितिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी कब्जे से ठगी की राशि में से जुड़े 40 हजार रुपये बरामद किए हैं।
जांच अधिकारी सुरेन्द्र कुमार के अनुसार, थाना सदर क्षेत्र निवासी मुकेश ने साइबर थाना हांसी में शिकायत दी थी कि उसके बैंक खाते से 13 मई को एक लाख रुपये और 21 मई को 95 हजार 999 रुपये बिना किसी ओटीपी या मैसेज के कट गए। इस तरह उसके खाते से कुल 1 लाख 95 हजार 999 रुपये की साइबर ठगी हुई।
पीड़ित ने घटना के तुरंत बाद साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई और ऑनलाइन शिकायत भी दी। इसके बाद साइबर थाना हांसी में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही ठगी की रकम से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।