बरवाला। बिहार निवासी युवक राजकुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने रिमांड लिए गांव खेदड़ निवासी आराेपी करण से वारदात स्थल की निशानदेही करवाई। पुलिस ने माैके से शराब की बाेतलें और ज्वलनशील पदार्थ से भरी तेल की एक पीपी बरामद की।
आरोपी करण ने पुलिस काे बताया कि पहले राजकुमार काे जलाकर मारने की साजिश रची थी बाद में वे उसे नहर पर ले गए और बाइक से बांध कर उसे ईंट व पत्थर मारकर नहर में गिरा दिया। पुलिस आराेपी की रिमांड अवधि खत्म हाेने के बाद उसे वीरवार काे अदालत में पेश करेगी। वहीं पुलिस मामले के अन्य आराेपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने सोमवार को राजकुमार का शव बरामद किया था। मंगलवार काे आराेपी करण काे अदालत में पेश करके दाे दिन के रिमांड पर लिया था। बता दें कि मूलरूप से बिहार निवासी व हाल आबाद शहर के वार्ड 14 निवासी राजकुमार का शव साेमवार काे हांसी मार्ग पर बरवाला ब्रांच नहर में बाइक से बंधा मिला था। राजकुमार की पत्नी लक्ष्मी ने पति की गुमशुदगी की रिपाेर्ट रविवार काे बरवाला पुलिस थाने में दर्ज करवाई थी।
लक्ष्मी के प्रेमी गांव खेदड़ निवासी करण ने अपने दाे साथियाें के साथ मिलकर 24 वर्षीय राजकुमार की हत्या कर दी थी। करण अपने साथियाें के साथ मिलकर राजकुमार काे उसी की बाइक पर बांधकर नहर पर ले गया। यहां उन्हाेंने राजकुमार के सिर में पत्थर मारे और उसे नहर में धकेल दिया था।