हिसार। अपहरण कर लूट करने के मामले में पीएलए चौकी पुलिस ने मंगलवार को आरोपी फतेहाबाद के गांव नहला निवासी निवासी विक्रांत उर्फ खादू को गिरफ्तार किया। आरोपी को पूछताछ के बाद बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पीएलए पुलिस चौकी में अरुण निवासी सैनियान मोहल्ला ने शिकायत दी थी। इसमें उसने बताया था कि एक व्यक्ति ने अपना नाम विकास नेहरा बताकर पहले दोस्ती की और विश्वास में लेकर उसे बुलाया। शिकायतकर्ता के अनुसार जब वह फ्लेमिंगो रेस्ट हाउस के पास पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद दो अन्य युवकों के साथ मिलकर आरोपियों ने खुद को सीआईए स्टाफ का सदस्य बताकर उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया।
जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन छीनकर पासवर्ड पूछते हुए उसके फोन से 9 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर किए और उसकी जेब से 680 रुपये नकद भी निकाल लिए। साथ ही पीड़ित के साथ मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए सेक्टर 1-4 कम्युनिटी सेंटर के पास छोड़ दिया।