सेक्टर 16-17 मोड़ पर सोमवार सुबह पीछे से आ रहे ट्रॉला चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के कारण बाइक पर सवार महिला लाडवा गांव निवासी 41 वर्षीय महिला पोली देवी उर्फ भरपाई देवी पीठ के बल नीचे जा गिरी और ट्रॉले की चपेट में आ गई। राहगीरों ने उसे नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां पहुंचने के कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों द्वारा सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतका के आजाद नगर निवासी दामाद कर्मबीर ने बताया कि उसकी सास पोली देेवी रविवार शाम को अपनी बेटी पूनम से मिलने के लिए आई थी। देर होने की वजह से वह रात को वहीं रुक गई थी। जब सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वह अपनी सास को छोड़ने जा रहा था तो रास्ते में जाते समय सेक्टर 16-17 मोड़ के पास पीछे से आ रहे ट्रॉला चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी तो वह ट्रॉले की चपेेट में आ गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन सिविल लाइन थाना पुलिस द्वारा वीटी के जरिये महम के पास पहुंचने पर उस आरोपी ट्रॉला चालक को पकड़ लिया गया। पुलिस को समय पर ही मामले की सूचना दे दी थी, जिससे पुलिस मौके पर पहुंच गई और उस ट्रक चालक को पकड़ लिया गया।
सूचना मिलने पर मैं मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का जायजा लिया। मृतका के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है। ट्रॉला चालक को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। अभी मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
- हेड कांस्टेबल नरेंद्र, सिविल लाइन थाना पुलिस, हिसार