हिसार में वारदात स्थल पर पड़ी युवक की बाइक और जांच करती पुलिस।
हिसार। बुगाना गांव में शनिवार सुबह 10:30 बजे खेत से बाइक पर पशुचारा लेकर आ रहे युवक अजय नैन को गोली मार दी। गोली उसके कूल्हे पर लगी है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए।
परिजनों ने घायल युवक को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।घटना की सूचना मिलने पर बरवाला डीएसपी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। वहीं, बरवाला पुलिस ने इस बारे में राजकीय रेलवे पुलिस को सूचना दी। दोपहर बाद रेलवे पुलिस अस्पताल पहुंची। चिकित्सकों ने बताया कि घायल अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। रेलवे पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कंपनी में कलेक्शन का करता है काम : बुगाना गांव के रहने वाले संदीप ने बताया कि भाई अजय नैन खेतीबाड़ी के साथ-साथ कलेक्शन का काम करते हैं। शनिवार सुबह वह बाइक से खेत में पशुओं के लिए चारा लेने के लिए गया था। चारा काटने के बाद बाइक पर उसे रखकर रेलवे लाइन के साथ-साथ कच्चे रास्ते से घर की तरफ आ रहा था।
अभी तक यहीं पता चला कि रेलवे फाटक से कुछ दूर पहले झाड़ियों में से युवक निकल कर आए और अजय पर फायर कर दिया। गोली लगने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक से वह गिर गया। हमलावर मौके से भाग गए।