घिराय/बरवाला। दिवाली की आतिशबाजी पर आपत्ति जताना एक युवक को भारी पड़ गया। मामूली कहासुनी के बाद बरवाला के दौलतपुर चौक स्थित अमन होटल में रविवार रात चाकू से हमला कर मनदीप (34) की हत्या कर दी गई। वारदात में उसके दो साथी सचिन और नसीब भी घायल हो गए। नसीब की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
पुलिस ने मनदीप के साले जींद जिले के सुदकैन कलां निवासी अमित की शिकायत पर योगेश, पंकज, कुलदीप उर्फ बच्ची, अजीज समेत तीन-चार अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच अधिकारी जितेंद्र ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। सूत्रों के अनुसार एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
अमित ने शिकायत में बताया कि वह दिवाली की रात अपनी बहन कविता से मिलने मतलोडा आया था। रात करीब 9 बजे उसका जीजा मनदीप दोस्त सचिन और नसीब के साथ बाइक से खरीदारी करने बरवाला पहुंचा। अमित भी इलेक्ट्रिक स्कूटी से उनके पीछे आया। खरीदारी के बाद तीनों दौलतपुर चौक स्थित अमन होटल में खाना खाने चले गए।
रात करीब 11 बजे अमित भी होटल पहुंचा। वह सीढ़ियों से ऊपर जा रहा था तभी सात-आठ युवक नीचे आते दिखाई दिए। इनमें एक के हाथ में छुरीनुमा चाकू और दूसरे के हाथ में कांच की बोतल थी। इसके तुरंत बाद मनदीप, सचिन और नसीब लहूलुहान हालत में नीचे आए। घायल मनदीप ने बताया कि योगेश, पंकज, कुलदीप उर्फ बच्ची, अजीज और तीन-चार अन्य युवकों ने उन पर हमला किया है।
अस्पताल पहुंचने से पहले मनदीप ने तोड़ा दम
अमित के अनुसार मनदीप के शरीर से काफी खून बह रहा था। उसने और सचिन ने उसे बाइक से अस्पताल ले जाने का प्रयास किया लेकिन हालत गंभीर थी। इसी दौरान पुलिस की आपातकालीन गाड़ी पहुंची। तीनों को बरवाला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मनदीप को मृत घोषित कर दिया। नसीब को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अमित ने होटल संचालक और कर्मचारियों पर भी हमलावरों का साथ देने का संदेह जताया है।
सवा महीने की उम्र में फूफा ने लिया था गोद, पत्नी है गर्भवती
मंदीप को उसके फूफा ने सवा महीने की उम्र में गोद लिया था। फूफा की कोई संतान नहीं थी। बाद में उनकी मृत्यु हो गई। करीब सात साल पहले मंदीप की शादी हुई थी। परिवार के अनुसार वह खेतीबाड़ी करता था और उसका एक बेटा है। पत्नी गर्भवती हैं। दिवाली की रात हुई वारदात ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
19 घंटे बाद पहुंची सीन ऑफ क्राइम टीम
वारदात रविवार रात करीब 11 बजे हुई जबकि सीन ऑफ क्राइम टीम सोमवार शाम करीब 6 बजे घटनास्थल पर पहुंची। यानी साक्ष्य जुटाने में करीब 19 घंटे का अंतर रहा। घटनास्थल से बरवाला पुलिस चौकी की दूरी करीब 200 मीटर बताई जा रही है। इस देरी के बीच घटनास्थल पर संभावित साक्ष्यों की सुरक्षा के लिए सवाल उठ रहे हैं।
-
शुरुआती जांच में आतिशबाजी को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पक्ष आतिशबाजी कर रहा था। इसी दौरान एक पतंगा दूसरे पक्ष पर गिरा जिस पर आपत्ति जताने से विवाद शुरू हुआ। पुलिस पुरानी रंजिश के पहलू से भी जांच कर रही है। - सुमित कुमार, डीएसपी बरवाला।