रोडवेज वर्कशॉप में टायरों के कारण खड़ी बस।
हिसार। रोडवेज की बसों के पहिए टायरों के अभाव में थमने लगे हैं। हिसार डिपो में पिछले 10 माह से नए टायरों की आपूर्ति नहीं हुई है। हाई पावर परचेज कमेटी की मंजूरी नहीं मिलने से खरीद प्रक्रिया अटकी हुई है। इसका सीधा असर बसों के संचालन पर पड़ रहा है। कई बसें टायरों की कमी के कारण रूटों पर नहीं भेजी जा रही हैं।
अधिकारियों के अनुसार टायरों का पुराना टेंडर इस साल फरवरी में खत्म हो गया था। टेंडर एक साल के लिए होता है। मुख्यालय प्रदेशभर के डिपो के लिए एक साथ टेंडर जारी करता है। नई खरीद के लिए हाई पावर परचेज कमेटी की मंजूरी जरूरी है। इस कमेटी की अध्यक्षता मुख्यमंत्री करते हैं। मंजूरी नहीं मिलने से 10 माह बाद भी खरीद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है।
यूनियनों ने भी उठाई टायर उपलब्ध कराने की मांग
टायरों की कमी से बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। रोडवेज कर्मचारी कई बार अधिकारियों के सामने यह समस्या उठा चुके हैं। हाल ही में रोडवेज यूनियनों की हड़ताल में भी टायर उपलब्ध कराने की मांग शामिल रही। हालांकि स्थानीय अधिकारी भी खरीद प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं।
नई बसों के टायर पुरानी में लगाए
डिपो में फिलहाल जुगाड़ से काम चलाया जा रहा है। पिछले दिनों हिसार डिपो को नई बसें मिली थीं। इनकी बॉडी तैयार होने और पासिंग की प्रक्रिया में एक से दो माह लगेंगे। ऐसे में अधिकारियों ने नई बसों के टायर उतारकर पुरानी बसों में लगा दिए हैं, ताकि टायरों की कमी से उनका संचालन पूरी तरह प्रभावित न हो।
हिसार डिपो के महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने बताया कि हाई पावर परचेज कमेटी से टायरों की खरीद को मंजूरी मिलनी बाकी है। इसके बाद ही डिपो को नए टायर उपलब्ध हो सकेंगे।