माइनर में अगरबत्ती-फूल बहाने आई बुजुर्ग महिला पैर फिसलने के कारण माइनर में गिर गई, जिसके चलते डूबने से उसकी मौत हो गई। राजगढ़ बाईपास के पास महिला का शव बहता हुआ बालसमंद माइनर में पाया गया। वहां से गुजरने वाले लोगों ने शव की सूचना आजाद नगर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को माइनर से बाहर निकाला और शव को अपने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। बुजुर्ग महिला के शव की शनाख्त न हो पाने के कारण पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखवा दिया गया, लेकिन कुछ देर बाद सूचना मिलने पर मृतक बुजुर्ग के परिजन अस्पताल पहुंचे और शनाख्त की। पुलिस ने देर शाम शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार सिलोचना नरवाना के डूमरखां कलां गांव की निवासी थी और उसके पति बलबीर की कुछ समय पहले ही मौत हो चुुकी थी। उसका एक बेटा है, जो भारतीय सेना में जवान के तौर पर तैनात है। उसकी पुत्रवधू हिसार की एक कॉलोनी में रहती है। सिलोचना गांव में अपने मकान में अकेली रहती थी। सोमवार शाम को वह अगरबत्ती-फूल बहाने के लिए माइनर की ओर आई थी। उस दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह पानी में गिर गई और डूबने से उसकी मौत हो गई।
वर्जन
सूचना मिलने पर मैं अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। महिला के शव की शनाख्त होने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। मृतका के भतीजे कृष्ण के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।
- हेड कांस्टेबल सुनीता, आजाद नगर थाना पुलिस, हिसार