बरवाला/घिराय। गांव गैबीपुर में शुक्रवार दोपहर घरेलू कलह के चलते एक महिला चार साल के बेटे को लेकर जलघर में स्थित पानी के टैंक में कूद गई। उसे बचाने के प्रयास में पति भी टैंक में कूद गया। पुलिस और ग्रामीणों ने बचाव अभियान के दौरान बच्चे को बचा लिया गया लेकिन दंपती की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शवों को हिसार से जिला नागरिक अस्पताल में रखवाया है। पोस्टमार्टम शनिवार को किया जाएगा। देर शाम तक इस मामले में किसी भी पक्ष की तरफ से प्राथमिकी दर्ज नहीं करवाई गई थी।
जांच अधिकारी फलेल सिंह के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे गांव निवासी राजकुमार और उसकी पत्नी सुनीता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद सात माह की गर्भवती सुनीता चार साल के बेटे गुरजीत को लेकर घर से निकल गई और जलघर में जाकर पानी के टैंक में कूद गई। पीछे से राजकुमार दौड़ता हुआ आया और सुनीता को बचाने के लिए वह भी टैंक में कूद गया। कुछ ही दूरी पर मौजूद कई ग्रामीण यह देखकर जलघर की तरफ दौड़े और पुलिस को भी सूचना दे दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मचारियों और एंबुलेंस को भी बुलाया गया। पुलिस और दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से बचाव अभियान शुरू किया। सबसे पहले बच्चे को बाहर निकाल लिया गया। उसे बरवाला के निजी अस्पताल ले जाया गया। करीब 20 मिनट बाद सुनीता और राजकुमार को टैंक से बाहर निकाल लिया। दोनों को बरवाला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि राजकुमार मजदूरी करता था। जांच में पता चला है कि दंपती में अक्सर झगड़ा होता था। अभी किसी पक्ष से शिकायत नहीं मिली है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद जांच आगे बढ़ाई जाएगी।