फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: अग्रोहा में बनेगा अत्याधुनिक संग्रहालय, खोदाई में मिले पुरावशेषों को करेंगे संरक्षित, मुख्यमंत्री ने अग्रोहा के विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए

विज्ञापन
अग्रोहा धाम का दृश्य। 
विज्ञापन
हिसार/चंडीगढ़। अग्र समाज के धाम अग्रोहा को धार्मिक पर्यटन क्षेत्र के तौर पर विकसित किया जाएगा। प्राचीन अग्रोहा टीले की खोदाई के दौरान मिली प्राचीन वस्तुओं को अत्याधुनिक संग्रहालय में संरक्षित किया जाएगा। इसके साथ ही अग्रोहा के लिए मास्टर प्लान भी तैयार किया जाएगा। इसे हिसार महानगर प्राधिकरण (एचएमडीए) में शामिल किया जाए या अलग से नगरपालिका का दर्जा दिया जाए, इसके लिए उच्च स्तरीय समीति फैसला लेगी। सोमवार को चंडीगढ़ स्थित सचिवालय में अग्रोहा पुरातात्विक स्थल पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में सीएम नायब सिंह सैनी ने ये निर्देश दिए।
विज्ञापन

सीएम की मौजूदगी में आयोजित बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, असीम गोयल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता मौजूद रहे। इस दौरान सीएम ने आदेश दिए कि हिसार-अग्रोहा मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अॅथारिटी की ओर से तैयार समग्र मास्टर प्लान में अग्रोहा को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की रणनीति के साथ शामिल करें। अग्रोहा पुरातात्विक स्थल के आसपास स्थित टीलों की जियो टैगिंग कर उस क्षेत्र को संरक्षित क्षेत्र घोषित किया जाए ताकि इन टीलों को किसी भी प्रकार की क्षति से बचाया जा सके।
सीएम ने कहा कि अग्रोहा को विश्व के पुरातात्विक मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के लिए एक प्रमुख पर्यटन स्थल और सांस्कृतिक धरोहर के केंद्र के रूप विकसित किया जा रहा है। अग्रोहा महाराजा अग्रसेन की राजधानी होने के कारण महत्वपूर्ण पुरातात्विक और सांस्कृतिक स्थल है। इसके विकास से न केवल यह आस्था का केंद्र बनेगा बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में भी उभरेगा। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अग्रोहा में लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और हरियाणा राज्य पुरातत्व विभाग द्वारा संयुक्त रूप से खोदाई कार्य किया जा रहा है। खोदाई से पहले संभावित क्षेत्रों का ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (जीपीआर) सर्वेक्षण कराया गया। अब तक की खोदाई से मिलने वाले अवशेषों को संरक्षित किया गया है।
विज्ञापन

पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने रखे प्रस्ताव..
हिसार से पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने अग्रोहा विकास पर प्लान प्रस्तुत किया। इसमें अग्रोहा में अग्रवाल वंश के 18 गोत्रों के नाम पर 18 सेक्टर विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया। इसमें हर एक सेक्टर का नाम अग्र समाज के एक गोत्र के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही अग्रोहा के चारों ओर सेक्टर विकसित किए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इसमें हिसार से अग्रोहा के बीच के हिस्से में धार्मिक व शैक्षणिक स्थल भी विकसित किए जाएंगे। अग्रोहा को हिसार महानगर प्राधिकरण का हिस्सा बनाने के अलावा अलग से नगर पालिका का दर्जा दिया जा सकता है। उच्चाधिकारियाें की समिति इस बारे में अपनी रिपोर्ट देगी। दरअसल, अग्रोहा को एचएमडीए का हिस्सा बनाया जाएगा तो बीच के पूरे हिस्से में बसें सभी गांवों को भी एचएमडीए में शामिल करना पड़ेगा। ऐसा होने पर एचएमडीए का दायरा काफी विस्तृत हो जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें