कैंट के पास से सिक्स-लेन के फ्लाईओवर की ड्राइंग।
हिसार। शहर के प्रमुख प्रवेश द्वार नेशनल हाईवे-9 पर कैंट के पास स्थित खतरनाक ब्लैक स्पॉट को खत्म करने के लिए सिक्स-लेन का नया फ्लाईओवर बनाया जाएगा। यह वेलकम गेट के पास से शुरू होकर दिल्ली चुंगी क्षेत्र स्थित निजी होटल तक बनेगा। इसकी कुल लंबाई 1.275 किलोमीटर होगी।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के माध्यम से बनने वाले इस प्रोजेक्ट की प्रारंभिक क्षैतिज ड्राइंग सामने आ गई है। इस मार्ग पर लगातार हो रहे गंभीर सड़क हादसों और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने इस स्थान को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित करवाने और प्रोजेक्ट को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए।
राज्य के खजाने पर नहीं पड़ेगा बोझ
प्रोजेक्ट को एनएचएआई के माध्यम से स्वीकृति दिलाना हरियाणा सरकार के लिए आर्थिक रूप से भी फायदेमंद साबित होगा। विभागीय जानकारों के अनुसार, यदि इसे आगे बढ़ाने में एक-दो साल की देरी होती तो हाईवे के इस सेक्शन के हस्तांतरण के बाद इसका निर्माण लोक निर्माण विभाग को करवाना पड़ता। इससे राज्य सरकार के खजाने पर करोड़ों रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आता। मंत्री रणबीर गंगवा की सक्रियता के चलते अब इस प्रोजेक्ट का पूरा खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी।
जानिए…कैसा होगा प्रोजेक्ट
फ्लाईओवर वेलकम गेट के पास से शुरू होकर निजी होटल तक कुल 1.275 किलोमीटर यानी 1275 मीटर लंबा होगा। दिल्ली चुंगी के मुख्य जंक्शन पर 15, 30 और 15 मीटर के तीन स्पैन वाला कुल 60 मीटर लंबा पुल प्रस्तावित है। इसके साथ 5.5 मीटर ऊंचाई का व्हीकुलर अंडरपास बनाया जाएगा। प्रोजेक्ट में सिक्स-लेन मुख्य कैरिजवे के अलावा दोनों तरफ सर्विस रोड, आरई-वॉल, पक्के फुटपाथ और जल निकासी के लिए ड्रेन का निर्माण भी शामिल है। इसका प्रारंभिक लेआउट तैयार हो चुका है। अब अंतिम ड्राइंग और अलाइनमेंट को मंजूरी मिलने का इंतजार है।
यातायात को सुगम बनाने के लिए इस क्षेत्र में तीन फ्लाईओवरों की श्रृंखला विकसित करने की योजना है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा के प्रयासों से हिसार कैंट के ऊपर बनने वाले फ्लाईओवर को पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है। इस कॉरिडोर के बनने से जाम और सड़क हादसों से राहत मिलेगी। साथ ही हिसार कैंट और भारतीय सेना के भारी वाहनों तथा काफिलों की आवाजाही भी सुरक्षित और निर्बाध हो सकेगी।
- संदीप बाना, सदस्य, डी-कंजक्शन कमेटी।