हिसार। शहरवासियों को अब चंडीगढ़ जाने के लिए अब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। हिसार-धान्सू रोड पर बॉटलिंग प्लांट के नजदीक से गांव तलवंडी राणा तक 2.300 किलोमीटर लंबी नई सड़क बनाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग ने 26 करोड़ 91 लाख 71 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है।
सड़क निर्माण के लिए करीब 11.5 एकड़ जमीन की जरूरत होगी। इसमें वन विभाग, जीएलएफ और निजी जमीन शामिल है। विभाग ने जमीन हस्तांतरण और अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हिसार से तलवंडी राणा तक सीधा रास्ता उपलब्ध कराने के लिए मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों और ग्रामीणों की संयुक्त कमेटी गठित की थी। तत्कालीन अतिरिक्त प्रधान सचिव एके सिंह के नेतृत्व में गठित कमेटी में राजस्व, वन और नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों के साथ तलवंडी राणा रोड संघर्ष समिति के सदस्यों को शामिल किया गया था।
इनमें समिति के प्रधान ओमप्रकाश कोहली, पूर्व चेयरमैन रणधीर धीरू और पूर्व आईपीएस दलबीर भारती सहित अन्य सदस्य शामिल थे। कमेटी ने अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर तीन विकल्पों पर विचार किया था। इनमें बॉटलिंग प्लांट के पास से एमटूके होटल तक सड़क बनाने के विकल्प को अंतिम रूप दिया गया।
505 दिन धरना देकर उठाई थी मांग
हिसार से चंडीगढ़ जाने वाला एनएच-65 तलवंडी राणा गांव से होकर गुजरता था। एयरपोर्ट के विस्तार के चलते इस सड़क को बंद कर दिया गया था। इससे ग्रामीणों को हिसार पहुंचने के लिए करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने सीधा रास्ता उपलब्ध कराने की मांग को लेकर तलवंडी राणा रोड बचाओ संघर्ष समिति के नेतृत्व में 505 दिन तक धरना दिया था। विधानसभा चुनाव-2024 से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सड़क निर्माण का भरोसा देकर धरना समाप्त करवाया था। उस समय तत्कालीन मंत्री डॉ. कमल गुप्ता और तत्कालीन डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने मुख्यमंत्री की ओर से ग्रामीणों को आश्वासन दिया था।
चुनाव से पहले हमने तलवंडी राणा के लोगों को गांव तक सीधा रास्ता उपलब्ध कराने का वादा किया था। इसके लिए सबसे छोटे रास्ते के विकल्प तलाशने को समिति बनाई गई थी। समिति ने तीन प्रस्तावों पर काम किया, जिनमें एमटूके होटल के पास निकलने वाले रास्ते को अंतिम रूप दिया गया है। जमीन उपलब्ध होते ही सड़क निर्माण का काम शुरू करवा देंगे।
- रणबीर गंगवा, मंत्री, पीडब्ल्यूडी हरियाणा।
कितनी जमीन की जरूरत होगी
नई सड़क के निर्माण के लिए करीब 11.5 एकड़ जमीन की जरूरत होगी। इसमें जीएलएफ की 2 एकड़, वन विभाग की 7.5 एकड़ और निजी लोगों की 1.9 एकड़ जमीन शामिल है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने जीएलएफ की जमीन के लिए पत्र लिखकर प्रक्रिया शुरू कर दी है। वन विभाग को दूसरी जगह जमीन देकर संबंधित जमीन का हस्तांतरण करवाया जाएगा। वहीं, निजी जमीन खरीदने के लिए मालिकों से सहमति पत्र लिया जाएगा।
एयरपोर्ट के चलते हमारा पुराना रास्ता बंद किया गया था। जो वैकल्पिक रास्ता दिया गया था, वह भी एयरपोर्ट विस्तार के कारण कुछ समय बाद बंद हो जाएगा। इसलिए हमने स्थायी सड़क की मांग उठाई थी। मंत्री रणबीर गंगवा ने इस संबंध में कमेटी गठित की थी। अब 2.3 किलोमीटर लंबी सड़क के विकल्प पर सहमति बनी है।
- एडवोकेट ओपी कोहली, प्रधान, तलवंडी राणा रोड बचाओ संघर्ष समिति।