अग्रोहा। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर नौ के पास से गुजर रही सर्विस लेन पर स्थित अग्रोहा के राजकीय कन्या महाविद्यालय के मेन गेट के आगे एक-एक फुट तक गंदा पानी जमा है। बेटियों को स्कूल में प्रवेश करने के लिए बदबूदार पानी से गुजरना पड़ता है। ऐसे में शुक्रवार को बेटियों का आखिरकार प्रशासन के खिलाफ गुस्सा फूट गया और सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष प्रदर्शन किया। छात्राओं ने कहा कि कन्या महाविद्यालय के अलावा तीन और विद्यालय हैं इन चारों विद्यालय में करीब एक हजार से ऊपर छात्र छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। प्रशासन व नेशनल हाईवे अॅथारिटी ने जल्द से जल्द पानी निकासी का समाधान नहीं किया तो मजबूर होकर विद्यालय के मेन गेट पर धरना देंगें जिसका जिम्मेदार खुद प्रशासन होगा। इस मार्ग पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, प्राथमिक स्वस्थ्य केंद्र, राजकीय मॉडल संस्कृत प्राथमिक विद्यालय, अग्रोहा धाम व मार्ग के दूसरी और महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, राजकीय पशु अस्पताल, जलघर मौजूद है।
कोट्स
विद्यालय के आगे गंदे पानी को लेकर जिला उपायुक्त, हल्का विधायक एवं राज्य मंत्री अनूप धानक तक समस्या अवगत करवा चुके हैं। लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है जिससे छात्र छात्राओं व शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
-प्रिंसिपल हंसराज सिंह, कन्या महाविद्यालय अग्रोहा।
कोट्स
नेशनल हाईवे बनाते समय गांव के गंदे पानी की निकासी के लिए बनाए गए नाले का लेवल ठीक ना होने के कारण जलभराव हो रहा है। इसको लेकर कई बार प्रशासन को समस्या अवगत करवा चुके हैं।
-सरपंच बलबीर सिंह भांभू