हिसार। राजगढ़ रोड स्थित गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में छात्राओं के लिए लंबे समय से लंबित हॉस्टल निर्माण की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। कॉलेज प्रबंधन को हरियाणा के चीफ आर्किटेक्ट की ओर से तैयार लेआउट प्लान उच्च शिक्षा विभाग और पीडब्ल्यूडी बीएंडआर को भेजा जा चुका है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार लेआउट में बिजली के तारों सहित सभी आवश्यक तकनीकी निरीक्षण पूरे कर लिए गए हैं। पीडब्ल्यूडी की टीम ने साइट का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की रिपोर्ट तैयार करनी शुरू कर दी है। कॉलेज प्रबंधन से यह भी पूछा गया है कि यदि लेआउट में किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता हो या छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ी कोई विशेष जरूरत हो तो उसे विभाग को तुरंत भेजा जाए। इसके बाद फाइल को अंतिम स्वीकृति के लिए भेजकर निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत कॉलेज परिसर में 100 कमरों का आधुनिक हॉस्टल बनाया जाएगा। हर कमरे में दो बेड होंगे, यानी 200 छात्राएं यहां आवास सुविधा प्राप्त कर सकेंगी। पहले प्रस्ताव 200 कमरों का था। बाद में संशोधित किया गया और 100 कमरों के हॉस्टल पर सहमति बनी।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार इस प्रस्ताव पर कार्य पिछले एक साल से चल रहा है। बीच में दो बार रिमाइंडर भी भेजे गए थे। संशोधित प्लान के बाद दो रिमाइंडर और लगाए गए। इसके बाद फाइल अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि वर्ष 2026 में हॉस्टल निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। परियोजना पूरी होने पर छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक आवास सुविधा उपलब्ध होगी। इससे कॉलेज में अध्ययनरत युवतियों को बड़ा लाभ मिलेगा।
कॉलेज में छात्राओं के लिए 100 कमरों का हॉस्टल के लिए प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अगले साल से हॉस्टल का काम शुरू होने की उम्मीद है। चीफ आर्किटेक्ट की ओर से तैयार किया गया लेआउट प्लान उच्च शिक्षा विभाग और पीडब्ल्यूडी बीएंडआर को भेजा जा चुका है।
-डॉ. विवेक कुमार सैनी, प्राचार्य, गवर्नमेंट पीजी कॉलेज