नारनौंद के गांव गुराना में पराली में लगी आग। स्रोत : जागरूक पाठक
नारनौंद । गांव गुराना में ढाणी मिरदाद रोड पर शुक्रवार रात खेतों में एकत्रित किसान सुरेंद्र की पराली तरह जलकर राख हो गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती रही और देखते-देखते सुरेंद्र की करीब दो एकड़ जमीन में रखी पराली सहित लगभग 425 क्विंटल पराली जलकर राख हो गई।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। किसान सुरेंद्र का दावा है हादसे से उन्हें करीब 25 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। खेतों में रखी पराली पशुओं के चारे के लिए बेहद जरूरी होती है, ऐसे में इस नुकसान से किसान की आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।