नारनौंद के गांव पेटवाड़ निवासी मृतक कुलदीप की फाइल फोटो।
नारनौंद। गांव पेटवाड़ में खेत में सिंचाई करते समय किसान कुलदीप (29) को करंट लग गया। परिजन उसको इलाज के लिए नारनौंद के नागरिक अस्पताल में लेकर आए जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसान के शव का हांसी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसको परिजनों को सौंप दिया। नारनौंद थाना पुलिस द्वारा मृतक के भाई संजय के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
पेटवाड़ निवासी संजय ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका छोटा भाई 29 वर्षीय कुलदीप शुक्रवार को सुबह करीब 9:30 बजे अपने खेत में गेहूं की फसल में सिंचाई करने के लिए गया था। जब उसके परिजन खेत में गए तो उन्होंने देखा कि खेत में लगे ट्यूबवेल के पास वह अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। परिजन तुरंत उसको इलाज के लिए नारनौंद के नागरिक अस्पताल में लेकर आए जहां पर डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
मृतक कुलदीप की मौत से उसके तीन मासूम बच्चे 9 वर्षीय अनुज, 7 वर्षीय निशु, 3 वर्षीय रियान व पत्नी कांता को पीछे बेसहारा छोड़ गया है। किसान कुलदीप ढ़ाई एकड़ का मालिक है और खेती बाड़ी कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था।
रूपक हत्याकांड का छठा आरोपी गिरफ्तार, गाड़ी बरामद
हिसार। आदमपुर पुलिस ने गांव कापड़ों निवासी रूपक हत्याकांड में शामिल छठे आरोपी मंडी आदमपुर निवासी पवन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पवन से वारदात में प्रयुक्त गाड़ी भी बरामद की है। शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार 30 नवंबर 2024 को अग्रोहा मेडिकल से कापड़ो निवासी रूपक को झगड़े में चोट लगी थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता समंदर ने बताया था काबरेल में सौरभ, पुनीत व अन्य ने रूपक का अपहरण कर मारपीट की थी। इस मामले में पांच आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुके हैं।