कैंप चौक पर पुलिस बूथ में तोड़फोड़ करने के आरोपी को पकड़कर ले जाती पुलिस। स्रोत वीडियो ग्रैब
हिसार। शराब के नशे में चूर एक युवक ने वीरवार शाम को कैंप चौक स्थित पुलिस बूथ पर तोड़फोड़ की। जब पुलिसकर्मी ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वर्दी भी फाड़ दी। सूचना के बाद पीएलए चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पकड़कर अपने साथ ले गई। पुलिस ने आरोपी सरसाैद निवासी राकेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पीएलए चौकी इंचार्ज अनूप ने बताया कि कैंप चौक पर वीरवार शाम को एक युवक महिला के साथ गाली गलौज कर रहा था। पुलिस बूथ पर तैनात पुलिसकर्मियों ने युवक को रोका तो युवक बहस करने लगा। इसके बाद युवक ने बूथ का दरवाजा व खिड़कियां तोड़ दीं।
पुलिस कर्मचारी के साथ हाथपाई कर उसकी वर्दी भी फाड़ दी। इस घटनाक्रम के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। बाद में पीएलए पुलिस चौकी से टीम आरोपी को काबू कर चौकी ले गई।