हिसार। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने रविवार को कोयले की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही 550 किलो 300 ग्राम डोडा पोस्त की बड़ी खेप बरामद कर ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आदमपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एंटी नारकोटिक्स प्रभारी इंद्र सिंह गोदारा ने बताया कि उनकी टीम बस अड्डा मोहब्बतपुर के पास गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि भादरा (राजस्थान) की ओर से एक ट्रक आदमपुर होते हुए भट्टू कलां जाएगा। ट्रक में ऊपर तक कोयले की बोरियां भरी हुई हैं और काले रंग का तिरपाल बंधा हुआ है। सूचना के अनुसार कोयले की बोरियों के बीच भारी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर ले जाया जा रहा था।
सूचना के आधार पर टीम ने मोडा खेड़ा के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद भादरा की ओर से आ रहे संदिग्ध ट्रक को रुकवाकर जांच की गई। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान रोहताश निवासी मेहूवाला, जिला फतेहाबाद के रूप में बताई। तलाशी के दौरान कोयले की बोरियों के बीच छिपाकर रखे गए 28 काले कट्टों से कुल 550 किलो 300 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया।
पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर ट्रक भी जब्त कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि खेप राजस्थान से लाई गई थी। पुलिस के अनुसार इस अवैध कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।