फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: पूर्व सीएम मनोहरलाल की एक टिप्पणी से आदमपुर में भाजपा चारों खाने चित्त

Wed, 05 Jun 2024 03:03 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
विज्ञापन
मंडी आदमपुर। हिसार लोकसभा क्षेत्र की आदमपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी रणजीत सिंह चौटाला को करारी हार मिली है। इसके साथ ही आदमपुर विधानसभा से भाजपा की हार के कारण पर विचार-विमर्श होने लगा है। धरातल पर बात की जाए तो भाजपा के प्रति आदमपुर के लोगों में काफी रोष देखने को मिल रहा था। आदमपुर क्षेत्र में विकास कार्यों की लगातार अनदेखी हुई। आदमपुर विधानसभा पूर्व सीएम भजनलाल का गढ़ माना जाता है। इस विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की जीत व भाजपा की हार के कई कारण हैं।
विज्ञापन



पहला कारण

पूर्व सीएम मनोहरलाल ने लोकसभा चुनाव में प्रचार के दौरान नलवा विधानसभा क्षेत्र के गांव कैमरी में रैली की थी। रैली में उन्होंने पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल का नाम लिए बिना भ्रष्टाचार को लेकर टिप्पणी की थी। भ्रष्टाचार का एक किस्सा सुनाते हुए लोगों से पूछा कि आप समझ गए ना किसको कह रहा हूं। इसके बाद बिश्नोई समाज के लोगों में गहरा रोष उभरा। बाद में पूर्व सीएम ने फतेहाबाद में आयोजित रैली में भजनलाल को लेकर अपनी टिप्पणी के बारे में कहा कि वह चौधरी भजनलाल को लेकर नहीं थी। इससे बिश्नोई समाज का रोष कम नहीं हुआ। इसके चलते बिश्नोई क्षेत्र में भी कांग्रेस को काफी वोट मिले। आदमपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी रणजीत सिंह को कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश से करीब 9,800 वोटों करारी हार मिली है।



दूसरा कारण

आदमपुर शहर व जवाहर नगर पंचायत को भाजपा सरकार ने जबरन नगर पालिका बना दिया था। इसके बाद से लोगों में भाजपा के प्रति काफी रोष देखने को मिल रहा था। लोगों ने कई बार साफ शब्दों में एलान किया था कि यदि नगर पालिका को नहीं हटाया गया तो वे वोट से भाजपा को सबक सिखाएंगे। लोगों ने जैसा कहा, वैसा कर भी दिखाया। जयप्रकाश शुरू से ही आदमपुर के लोगों को आश्वासन देते आए है कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही आदमपुर में दोबारा से ग्राम पंचायत को लागू करवाने का काम करेंगे। इसके चलते लोगों ने खुलकर कांग्रेस का साथ दिया।
विज्ञापन




तीसरा कारण

बालसमंद क्षेत्र लंबे समय से नहरी पानी के लिए तरस रही है। भाजपा सरकार बार-बार किसानों को आश्वासन तो देती रही है, लेकिन नहरी पानी देने में नाकाम रही है। इसके चलते इस पूरी बेल्ट में भाजपा के प्रति लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा था। भाजपा नेताओं को इसका आभास भी था। इसके बावजूद भी उन्होंने यहां के लोगों की मांग को नजरअंदाज किया। वहीं कांग्रेस ने इस मुद्दे को गहराई से समझा और लोगों को पूरी तरह से आश्वस्त किया कि कांग्रेस सरकार आते ही सीसवाल से नहरी खाला लाकर बालसमंद क्षेत्र को पानी दिया जाएगा।



चौथा कारण

आदमपुर हलके के अधिकतर क्षेत्र में सड़क से लेकर स्वच्छ पेयजल की बड़ी समस्या है। आमजन स्वच्छ पेयजल के लिए तरस गए हैं। क्षेत्र में 800 टीडीएस तक का पेयजल सप्लाई में दिया जा रहा है। वहीं शहर से लेकर गांवों तक में सड़क व्यवस्था का जनाजा निकला हुआ है। आदमपुर शहर में सीवरेज समस्या और बरसाती पानी निकासी की बड़ी समस्या है। इससे आमजन काफी परेशान है। अधिकारी वर्ग के रवैये से भी लोग काफी परेशान रहे। इसका नतीजा यह रहा कि लोगों ने भाजपा को खुलकर वोट नहीं किया।



पांचवां कारण

कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश लगातार आदमपुर के लोगों के संपर्क में रहे। उन्होंने आदमपुर के चुनावी धरातल को अच्छी से देखा और समझा। उन्होंने पाया कि बिना बिश्नोई समाज के वोट पाए आदमपुर में जीत हासिल नहीं की जा सकती। उन्होंने बिश्नोई समाज के बड़े चेहरे रहे चौ. पोकरमल के बेटे प्रदीप बैनीवाल को अपना सारथी बनाते हुए उन्हें चुनाव जीताने की बड़ी जिम्मेवारी दी। प्रदीप बैनीवाल आदमपुर शहर व बिश्नोई बहुल गांवों में जयप्रकाश के लिए पसीना बहाया। रणवीर शर्मा उर्फ कालू पंडित बिश्नोई बहुल गांव सदलपुर में कड़ी मेहनत की व भाजपा की जो लीड उपचुनाव में 5400 वोट थी उसे 900 पर ले आए और यही जयप्रकाश की आदमपुर में जीत का कारण बनी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें