हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. केएस खोखर ने देश में खाद्यान्नों के उत्पादन में वृद्धि के लिए कृषि में मशीनीकरण को बढ़ावा दिए जाने का आह्वान किया। डॉ. खोखर विश्वविद्यालय में कृषि यांत्रिकी एवं मशीनरी पर अखिल भारतीय एकीकृत अनुसंधान परियोजना की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
विश्वविद्यालय के कृषि अभियांत्रिकी एवं टेक्नोलॉजी महाविद्यालय की ओर से आयोजित तीन दिवसीय बैठक में परियोजना के अंतर्गत विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अनुसंधान संस्थानों में स्थापित केन्द्रों से आए वैज्ञानिक हिस्सा ले रहे हैं। बैठक में इन केंद्रों के लिए आगामी दो वर्ष के लिए तकनीकी कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।