फतेहाबाद। जिले में शुक्रवार रात को जमकर ओलावृष्टि हुई वहीं देर रात शुरू हुई बरसात शनिवार को पूरे दिन होती रही। इससे मौसम में फिर से ठंडक लौट आई। शुक्रवार रात को करीब 10 बजे पहले ओलावृष्टि हुई। करीब 10 मिनट बाद जोरदार बरसात ने शहर को जलमग्न कर दिया। रात को जोरदार बरसात होती रही। शनिवार सुबह आसमान में काले बादल छाये रहे और रूक-रूक बरसात होती रही। शहर में धर्मशाला रोड, नेशनल हाईवे, कबीर बस्ती, थाना रोड, एमसी कालोनी, संन्यास आश्रम रोड, बीघड़ रोड़ पर एक-एक फुट पानी जमा हो गया। जिससे आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कृषि विभाग के अनुसार शनिवार को फतेहाबाद में 14 एमएम, टोहाना में 18, रतिया और भट्टूकलां में 10-10 एमएम तथा भूना में 12 एमएम बरसात दर्ज की गई। कृषि विभाग के उपनिदेशक अनूप सिंह ने बताया कि इस मौसम से गेहूं की फसल को ज्यादा नुकसान नहीं है।
सरसाें पर सफेद रतवा का प्रकोप
फतेहाबाद में सरसाें की फसल सफेद रतवा की बीमारी की चपेट में आ गई है। फतेहाबाद में 13 हजार हेक्टेयर में सरसाें की बिजाई की गई है। कृषि विभाग के उपनिदेशक डा.अनूप सिंह ने बताया कि सफेद रतवा से फलियां बनने की बजाय टहनियां रह जाती है। पत्तों पर सफेद पाऊडर जमा हो जाता है। जो पहले तना फिर फलियाें तक पहुंचता है। उन्हाेंने किसानाें को सलाह दी है रतवा के प्रकोप से बचने के लिए डाइथिन एम 45 (मिकोजैन) का छिड़काव करें।