सिरसा। दिल्ली गैंग रेप की शिकार 23 वर्षीया दामिनी की मौत पर विभिन्न संगठनों, राजनीतिक दलों ने गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। शनिवार को भाजपा की एक बैठक में पीड़िता की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए वक्ताओं ने केंद्र सरकार की कड़ी भर्त्सना की। वक्ताओं ने कहा कि सरकार आरोपियों को सजा देने की बजाय विभिन्न जांच आयोगों के गठन का नाटक कर रही है।
मां दुर्गा दरबार सेवा समिति ने दामिनी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दरबार की संचालिका किरण मूंड के नेतृत्व में सभी ने मौन रखा। युवती की आत्मा की शांति के लिए रविवार को श्री गणेश का सवा लाख जाप किया जाएगा। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि होशियारी लाल शर्मा ने युवती के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों को कानून सख्त से सख्त सजा दें ताकि दोबारा कोई ऐसा घिनौना काम करने की हिम्मत न करे। उधर सिरसा फिजियोथैरेपी फोरम की ओर से गैंगरेप की शिकार फिजियोथैरेपी की छात्रा दामिनी की मृत्यु पर शोक सभा आयोजित कर उसे श्रद्धांजलि दी। युवा पंजाबी मंच द्वारा देवीलाल पार्क में शोक सभा आयोजित की गई। सभी ने दोषियाें को सख्त सजा देने की मांग की।