सिरसा। जीवन नगर के समीप रविवार शाम सड़क पर दो कारों में सवार लोगों के बीच कहासुनी हो जाने के बाद एक कार में सवार डेरा प्रेमियों पर हमला किए जाने की घटना के विरोध में सैकड़ों डेरा प्रेमी सड़क पर उतर आए और उन्होंने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लालबत्ती चौक पर नेशनल हाइवे को जाम कर दिया। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। करीब एक घंटा बाद मौके पर पहुंचे नगराधीश सतीश कुमार ने दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर यातायात बहाल करवाया।
रविवार शाम करीब छह बजे डेरा प्रेमियों जिनमें महिलाओं की संख्या अधिक थी, ने लालबत्ती चौक पर पहुंचकर नेशनल हाइवे जामकर दिया। चौक के सभी मार्गों पर मानव श्रृंखला बनाकर डेरा प्रेमियों ने चारों रास्ते रोक दिए। साथ ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि डेरा प्रेमियों पर हमला करने वालों पर मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। करीब सात बजे नगराधीश सतीश कुमार ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस बल दबिश दे रहा है और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. राजश्री सिंह स्वयं स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्ववासन दिया कि दोषियों को शीघ्र काबू कि या जाएगा। इसके बाद डेरा प्रेमियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
यह है विवाद
रविवार शाम ऐलनाबाद के गुरुद्वारे में दर्शन कर लौट रहे कुछ लोगों की उनसे आगे चल रही कार सवार लोगों से बहस हो गई। जल्दी ही यह बहस मारपीट में बदल गई और हमले में दोनों पक्षों के तीन लोगों को चोटें आईं। सालमखेड़ा निवासी जसवीर सिंह को सिरसा के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया जबकि सिरसा निवासी डेरा प्रेमी जगतार सिंह को रानियां के निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा रैफर कर दिया गया। एक अन्य घायल को रानियां में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे गई।
घटना की सूचना मिलते ही हजारों की तादाद में डेरा प्रेमी सड़कों पर उतर आए और हमलावरों को गिरफ्तार किए जाने की मांग करते हुए उन्होंने हाईवे जाम कर दिया।