सिरसा। स्वास्थ्य विभाग के निदेशक ने एमपीएचडब्ल्यू (मेल) के पद पर रखे गए सभी अस्थाई और डीसी रेट कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से हटाने का आदेश दिया है। इन आदेशों के बाद कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। हरियाणा कर्मचारी महासंघ ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर अगर किसी कर्मचारी को हटाया गया तो संघ संघर्ष करेगी।
शनिवार को हरियाणा कर्मचारी महासंघ जिला सिरसा की एक आपात बैठक टाउन पार्क में बुलाई गई। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान राजबीर रोहिला ने की। सचिव राजमंदिर शर्मा ने कहा कि यदि सरकार ने किसी भी विभाग में रखे गए कच्चे कर्मचारियों को हटाने की कोशिश की तो महासंघ बड़ा आंदोलन चलाने पर मजबूर होगा। स्वास्थ्य विभाग ने एमपीएचडब्ल्यू के 70 पद डीसी रेट के आधार पर छह माह के लिए भरे थे। यह समय 19 जनवरी 2013 तक था। अबअ सरकार ने इन कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से हटाने का आदेश दिया है।
एमपीएचडब्ल्यू हेल्थ वर्कर्स एसोसिएशन ने भी आंदोलन चलाने की चेतावनी दी है। एसोसिएशन ने कहा कि जिले भर में एमपीएचडब्ल्यू के नियमित कर्मचारियों की भारी कमी है इससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इस अवसर पर कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय प्रेस सहायक सचिव वेद धनखड़, विजयपाल जाखड़, प्रताप सिंह जाखू आदि मौजूद रहे।