हिसार। जिला पुलिस ने वीरवार को पशु क्रूरता के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 99 पशुओं को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। तस्करों ने वाहनों में पशुओं को ठूंस-ठूंसकर भर रखा था।
पुलिस ने बरवाला निवासी राजेश, जींद निवासी मनवीर तथा पंजाब के बरनाला निवासी कुलदीप और सुनील को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रवक्ता मदन लाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
84 भेड़-बकरियां ठूंसकर भरी थीं पिकअप में
थाना आजाद नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप में बड़ी संख्या में भेड़-बकरियों को क्रूरता पूर्वक ले जाया जा रहा है। चौधरीवास टोल के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोका गया। जांच में पिकअप में डबल स्टोरी बनाकर 70 बकरियां और 14 भेड़ सहित कुल 84 पशु ठूंसकर भरे मिले। पुलिस ने सभी पशुओं को मुक्त कर पिकअप जब्त कर ली। मामले में बरवाला निवासी राजेश और जींद निवासी मनवीर को गिरफ्तार किया गया।
बिना चारा-पानी ले जाए जा रहे थे 15 सुअर
दूसरे मामले में थाना बरवाला पुलिस ने बाडो पट्टी टोल प्लाजा पर जांच के दौरान एक पिकअप को रोका। वाहन में 15 सुअरों को बिना पर्याप्त स्थान, चारा-पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं के क्रूरता से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने सभी सुअरों को मुक्त कर वाहन कब्जे में ले लिया। इस मामले में पंजाब के बरनाला जिले के कुलदीप और सुनील को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।