अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
अतिरिक्त उपायुक्त एएस मान ने बताया कि नगर निगम की वार्डबंदी बारे प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निपटान के लिए उपायुक्त निखिल गजराज के निर्देशानुसार एक कमेटी का गठन किया गया है। दावे व आपत्तियों का निपटान 2 व 3 फरवरी को किया जाएगा।
एडीसी एएस मान ने बताया कि जिन व्यक्तियों ने 30 जनवरी तक नगर निगम की वार्डबंदी बारे दावे व आपत्तियां प्रस्तुत की हैं उनका निपटान गठित कमेटी द्वारा किया जाएगा। वार्ड नंबर 1, 2, 3, 4, 7, 8, 9, 10, 12, 14 के दावे व आपत्तियों की सुनवाई 02 फरवरी को शाम 4:00 बजे और वार्ड नंबर 15 की 03 फरवरी को प्रात: 10:00 बजे व इसी दिन वार्ड नंबर 5 की दावे व आपत्तियां की सुनवाई दोपहर 12:00 बजे नगर निगम हिसार कार्यालय में की जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित व्यक्तियों से अनुरोध करते कहा कि वे गठित कमेटी के समक्ष निश्चित तिथि व समय पर पहुंचकर अपने दावे व आपत्तियों का निपटान करवाएं। यदि कोई निर्धारित तिथि व समय पर नहीं पहुंचता है तो उसकी दावे व आपत्तियों का निपटान एक तरफा कर दिया जाएगा।
---------------
एडीसी की अध्यक्षता में कमेटी
वार्डबंदी की कमेटी में एडीसी एएस मान, निगम आयुक्त अशोक बंसल तथा एसडीएम परमजीत चहल को शामिल किया गया है। तीन सदस्यीय कमेटी सभी आपित्तयों को सुनने के बाद फैसला लेगी। इसके बाद वार्डबंदी को अंतिम रूप दिया जाएगा।
आठ वार्डों में किसी को आपत्ति नहीं
नगर निगम की वार्डबंदी को लेकर करीब 150 लोगों ने आपत्ति व सुझाव दिए हैं जिसमें वार्ड नंबर 15 में सबसे अधिक आपत्ति दी गई हैं। कुल शिकायतों का 50 प्रतिशत हिस्सा इसी वार्ड से आया है। वार्ड नंबर 6, 11, 13, 16, 17, 18, 19, 20 से किसी की आपत्ति नहीं है।
--------------
नई वार्डबंदी के आधार पर निगम चुनाव
नगर निगम की ओर से दिसंबर महीने में नए सिरे से वार्डबंदी कराई गई थी। इस नई वार्डबंदी के आधार पर नगर निगम के चुनाव होने हैं। निगम के पार्षदों का कार्यकाल जून में खत्म हो जाएगा।
वार्डबंदी पर 2 व 3 को कमेटी सुनेगी आपत्तियां, शिकायतकर्ता नहीं आए तो एकतरफा होगा फैसला
तीन सदस्यीय कमेटी ने जारी किया शेड्यूल