अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
वार्डबंदी में चल रहे विवाद के बाद नगर निगम के अधिकारी बैकफुट पर आ गए हैं। नगर निगम के अधिकारियों ने कुछ वार्डों में पहले से ही बदलाव की तैयारी कर ली है। कमिश्नर अशोक बंसल ने बुधवार को बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में उन्होंने आपत्तियों व दावों को निपटाने की प्लानिंग भी तैयार की। वार्डबंदी में बदलाव करने के लिए बिल्डिंग इंस्पेक्टर अब पार्षदों से फिर से संपर्क साध रहे हैं। उन्होंने पार्षदों को कहा है कि जो भी थोड़ा बहुत फेरबदल करवाना है वे करवा सकते हैं।
वार्डबंदी को लेकर आई 408 आपत्ति
बता दें कि शहर में 20 वार्ड हैं। वार्डबंदी को लेकर निगम व डीसी कार्यालय में इन वार्डों में से 408 आपत्ति व दावे दर्ज हैं। इनमें सबसे अधिक वार्ड 15 की 208 आपत्तियां हैं। यानी पूरे शहर से आई आपत्तियों में से आधी से ज्यादा आपत्ति अकेले वार्ड 15 की हैं। इसके बाद वार्ड 5 की सबसे अधिक आपत्ति हैं। यह वार्ड डिप्टी मेयर भीम महाजन का है। इस वार्ड में 85 आपत्तियां आई हैं।
कमिश्नर बोले-सांख्यिकी के आंकड़े सही, हम नहीं दे सकते लिखित में
शहर के लोगों द्वारा वार्डबंदी के सर्वे के आंकड़े मांगने के मामले पर खुद कमिश्नर अशोक बंसल ने सर्वे पर सवाल उठा दिए। उन्होंने कहा कि वार्ड 15 के लोगों का जो मुद्दा है उसमें हम जनसंख्या के आंकड़े कैसे दे सकते हैं। सही आंकड़े को सांख्यिकी विभाग के पास हैं। उन्होंने कहा कि हमारे तो केवल रफ आंकड़े होते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि अगर रफ ही आंकड़े हैं तो फिर लाखों रुपये खर्च करवाने का क्या फायदा। दूसरा उन्होंने नक्शा भी रफ बताया है। कमिश्नर अशोक बंसल खुद ही अपने करवाए गए सर्वे पर सवाल उठा रहे हैं।
नक्शा देखने के लिए भटकते रहे लोग, नहीं दिखाया नक्शा
शहर के लोग आपत्ति दावों के लिए नगर निगम कार्यालय में नक्शा व जनसंख्या आंकड़े देखने के लिए भटकते रहे। अब कमिश्नर ने कहा कि मेरे पास आखिर क्यों लोग नहीं आए। अगर किसी को शिकायत थी तो मुझे शिकायत दर्ज करवाते।
वार्डबंदी में बदलाव की तैयारी : निगम अधिकारी बैकफुट पर, बिल्डिंग इंस्पेक्टर साधने लगे पार्षदों से संपर्क
20 वार्डों में से आई 408 आपत्तियां व दावे, आधे से ज्यादा आपत्ति अकेले वार्ड 15 से