तनिष्क शोरूम पर दूसरे दिन भी चली आयकर विभाग की कार्रवाई
- रोहतक, सिरसा के अलावा गुरुग्राम से भी आया है स्टाफ
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। राजगुरु मार्केट स्थित तनिष्क शोरूम पर मंगलवार को शुरू हुई आयकर विभाग की सर्वे कार्रवाई बुधवार को भी जारी रही। इस कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग की टीम के सदस्यों के अलावा सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मचारी भी शामिल थे। कार्रवाई में जांच पड़ताल करने के बाद मामला सर्च में तबदील होने पर विभाग की जांच टीम को सौंप दिया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की जांच टीम में आयकर विभाग के संयुक्त आयकर निदेशक (अंवेशन) गुरुग्राम प्रशांत रंजन, सहायक निदेशक गुरुग्राम युवराज पाल सिंह व सहायक निदेशक रोहतक अमित दहिया के अलावा काफी संख्या में कर्मचारी शामिल थे। मामले की जांच-पड़ताल के लिए हिसार के अलावा रोहतक, सिरसा व गुरुग्राम का स्टाफ भी लगा हुआ है। आयकर विभाग की यह कार्रवाई हिसार के अलावा सिरसा व रोहतक में भी तनिष्क के शोरुमों पर की जा रही है। कार्रवाई के दौरान पूरी मुस्तैदी बरती जा रही है और किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया गया। इन टीमों ने जांच-पड़ताल की कार्रवाई में आवश्यक दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को टीम ने राजगुरु मार्केट स्थित तनिष्क शोरूम और उसके रामपुरा मोहल्ला स्थित गोदाम पर एक साथ सर्वे कार्रवाई शुरू की थी। यह कार्रवाई सुबह आठ बजे शुरू हुई और देर रात तक चलती रही। रात को भी टीम शोरूम पर ही रुकी रही। टीम ने अपनी कार्रवाई जारी रखी, जबकि सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मचारियों के लिए रात को सोने के लिए शोरूम पर ही गद्दे उपलब्ध कराए गए थे।