अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
करीब 32 बार सीएम विंडो पर शिकायत देने के बाद जन परिवाद समिति की बैठक में रखी गई शिकायत पर अधिकारी जूता गोदाम की वैधता तय नहीं कर पाए। विभागों ने अपने हाथ खड़े करते हुए कहा कि उनके विभाग का मामला नहीं है। आखिर में इस मामले में कमेटी बनाने का फैसला लिया। अब कमेटी बताएगा कि गोदाम वैध है या अवैध।
शिकायतकर्ता बिजेंद्र ने कहा कि हांसी में रिहायशी एरिया में बना जूतों का गोदाम लोगों के लिए खतरा है। यहां किसी तरह की घटना हो गई तो फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी नहीं पहुंच सकेगी। सीएम विंडो पर 32 बार शिकायत दी जा चुकी है। अधिकारी बार-बार शिकायत वापस लेने का दबाव डालते हैं। गोदाम मालिक का कहना है कि खट्टर भी, मेरा गोदाम नहीं हटवा सकते। कुछ समय पहले गोदाम से कुछ दूरी पर जूता फैक्ट्री में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
डीसी निखिल गजराज ने अधिकारियों से पूछा कि रिहायशी क्षेत्र में कॉमर्शियल गतिविधि चल सकती है या नहीं। अगर यह नियमों के विपरीत है तो उसे अब तक बंद क्यों नहीं किया गया। हांसी नगर परिषद, हिसार नगर निगम, बिजली निगम सहित, एक्साइज एंड टैक्सेशन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित अन्य विभाग जवाब नहीं दे सके। हांसी नगर परिषद के ईओ ने बताया कि गोदाम का मौका मुआयना करने के बाद मालिक को नोटिस दे दिया गया है। मामले को एसडीएम कोर्ट में रखा जाएगा। राज्यमंत्री डॉ. बनवारी लाल ने एसडीएम हांसी की अध्यक्षता में जन परिवाद समिति के दो सदस्यों को शामिल करते हुए एक कमेटी गठित करते हुए मामले की पूरी रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा।
गुणवत्ता खराब मिली तो होगी कार्रवाई
हांसी में देपल रोड पर एक कंपनी द्वारा खतरनाक केमिकल का इस्तेमाल करके फ्रूट ड्रिंक्स बनाने की शिकायत पर पीएमओ डॉ. दयानंद ने बताया कि सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। दो माह में रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई होगी।
एडीसी को आया गुस्सा
सैंपल जांच मामले में एडीसी एएस मान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से उनकी कोर्ट में केस डालने के बाद विभाग की तरफ से कोई भी अधिकारी-वकील नहीं आता। कुछ समय बाद मजबूरन केस कमजोर हो जाता है। मंत्री ने कहा कि अगली बार स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एडीसी कोर्ट में नहीं आए तो ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें।
अवैध खुर्दे की शिकायत पर टकराव
अवैध खुर्दों की शिकायत के जवाब में आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारी ने कहा कि हमारे पास पहले फोर्स थी। अब फोर्स नहीं है। जिस पर एसपी मनीषा चौधरी ने कहा कि आप जब भी रेड करें तो हम से फोर्स लें। हमारी ओर से फोर्स देने से कभी इंकार नहीं किया गया। मंत्री ने कहा कि दोनों विभाग मिलकर नियमित रेड करें।
पार्क नहीं, कब्जा कहां हो गया
हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-15 ए के निवासियों की पार्कों पर अवैध कब्जे की शिकायत पर अधिकारियों ने कहा कि यहां कोई पार्क नहीं है। अगर फिर भी कोई पार्क होगा तो कब्जा हटवा दिया जाएगा।
मंत्री जी ! आपके आदेशों के कोई मायने नहीं
सातरोड़ खास के बंटी सैनी ने कहा कि मंत्री जी ! दो महीने पहले आपने तालाबों की सफाई के आदेश दिए थे। कुछ नहीं हुआ, आपके आदेशों के कोई मायने नहीं हैं। अगर पानी निकासी नहीं की तो भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
फील्ड बुक गायब होने का मुद्दा
बड़छप्पर के फूलकुमार के अवैध कब्जों की शिकायत पर एसडीएम ने बताया कि गांव में पैमाइश करवा दी गई है। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रो. केएल रिणवा ने कहा किम समाधान तो ठीक पर यह तो पता लगाए कि फील्ड बुक है कहां पर। विभाग का खुद का मानना है कि गांव की फील्ड बुक ना होने के कारण कुछ ही एरिया की निशानदेही हो पाई।
भैंस जलाने का मामला ...
सुलचानी की ऊषा देवी की भैंस जलाकर मारने के मामले में पुलिस का पक्ष जानने के बाद राज्यमंत्री ने आरोपियों का लाई-डिटेक्शन टेस्ट करवाने के निर्देश दिए। मामले की जांच दोबारा करवाई जाएगी।
शिकायत और उनका समाधान
सातरोड़ में गंदे पानी की निकासी -- स्थायी हल के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित
घिराय स्थित महात्मा गांधी बस्ती में पेयजल---एस्टिमेट तैयार कर महीने में पेयजल दें
ढाणी कुम्हारान अवैध कनेक्शन--------अवैध कनेक्शनों को बंद करने करने के निर्देश
बड़छप्पर में अवैध कब्जों की शिकायत-गांव में पैमाइश करवा दी, सभी पक्ष संतुष्ट
हांसी भारत सिनेमा गली में अवैध गोदाम - एसडीएम हांसी की अध्यक्षता में कमेटी गठित
हांसी में केमिकल का इस्तेमाल करके फ्रूट ड्रिंक्स --नियमित सैंपलिंग की जाए
गंगवा में बिजली की खुली तारों से खतरा-इंसुलेटिड वायर लगा दी शिकायतकर्ता संतुष्ट
गावड़ में शराब ठेके से परेशानी--ठेके पर दो बार रेड करके इसे बंद करवा दिया गया है।
किरोड़ी में टायर फैक्ट्री से प्रदूषण- किसी फैक्ट्री का प्रस्ताव नहीं आया
हसनगढ़ में अवैध शराब के खुर्दे --नियमित रेड की जाए
यह रहे मौजूद
जन परिवाद समिति की बैठक में विधायक कमल गुप्ता, जिला महामंत्री सुुजीत कुमार, पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम के निदेशक अशोक कनौजिया, भाजपा प्रदेश सचिव कर्णसिंह रानौलिया, ब्लॉक समिति चेयरमैन हंसराज बैनीवाल, प्रो. मनदीप मलिक, अजय सिंधु, पूर्व जिला अध्यक्ष रवि सैनी, केएल रिणवा मौजूद थे।
फोटो - 42 से 46 तक ....... लीड ......
- जांच कमेटी गठित, भैंस जलाकर मारने के मामले में होगा लाई डिटेक्शन टेस्ट