हिसार। कोरोना के केसो में लगातार गिरावट आ रही है। 90 दिन बाद जिले में मंगलवार को सबसे कम कोरोना के 8 नए मामले मिले। इससे पहले 17 मार्च को पांच संक्रमित मिले थे। इसके बाद लगातार केस बढ़ते गए। 60 मरीज कोरोना की जंग जीतकर घर लौटे। तीन मरीजों की संक्रमण के कारण मौत हो गई।
अचानक केस कम होने के कारणों के बारे में विभाग का कहना है कि कोरोना के चलते स्वास्थ्य विभाग को जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों का काफी सहयोग मिला है। इस वजह से मरीजों को होम आइसोलेट करने एवं उनकी पहचान करने में आसानी हुई। ऐसे में उनकी समय पर जांच करने सहित उन पर निगरानी रखने से वायरस काबू में हुआ। इस बार वायरस के फैलने की क्षमता अधिक थी। इसलिए वायरस काफी तेजी से फैला है। हर वर्ग कोरोना की चपेट में आया।
वीसी में टीकाकरण पर जोर देने को कहा
स्वास्थ्य मंत्री ने वीसी के दौरान टीकाकरण पर अधिक जोर देने के निर्देश दिए। कहा कि विभाग अपने अनुसार अधिक से अधिक टीकाकरण करने पर जोर दें। सभी को अपनी जरूरत के मुताबिक वैक्सीन मिलती रहेगी। इस समय जितनी भी वैक्सीन है। उसके अनुसार टीकाकरण की क्षमता बढ़ाए।
केवल 253 सक्रिय मरीज
जिले में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 53792 हो गया है। इस समय केवल 253 सक्रिय मरीज हैं। अब तक 52465 मरीज कोरोना की जंग जीतकर घर लौट चुके है। इसके चलते ठीक होने वाले मरीजों का रिकवरी रेट बढ़कर 97.53 हो गया है। कुल कोविड-19 की से मरने वालों की संख्या 1074 हो गई है।
युवाओं के लिए बूथों पर टीकाकरण की क्षमता की दोगुनी
जिले में मंगलवार को 3856 लाभार्थियों को टीकाकरण हुआ है। इनमें सबसे अधिक 2531 युवा लाभार्थी शामिल हैं। सोमवार को सबसे अधिक 6427 युवाओं को टीका लगा था। विभाग के पास लगभग 15 हजार वैक्सीन का भंडारण है।