फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: जिलेभर में 400 केवी लाइन के 9 टावर, 734 खंभे टूटे, 62 ट्रांसफार्मर और 300 पेड़ गिरे

विज्ञापन
हिसार में सड़क पर गिरा पेड़ हटाते वनकर्मी।
विज्ञापन
हिसार। 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) और वन विभाग को करोड़ों का झटका दिया। हिसार सर्कल में बिजली के 734 खंभे और 62 ट्रांसफार्मर धराशायी हो गए। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम की खेदड़-फतेहाबाद 400 केवी लाइन के नौ टावर टूट गए जिन्हें दुरुस्त करने में शुक्रवार को दिनभर तकनीकी टीमें जुटी रहीं। बिजली आपूर्ति तंत्र ध्वस्त होने से 26 से अधिक फीडर से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई जो शुक्रवार सुबह आठ बजे बहाल हो सकी। कई ग्रामीण इलाकों में तो शुक्रवार देर शाम तक ब्लैकआउट की स्थिति बनी रही। बिजली निगम के कर्मचारी रात से ही लाइनों को दुरुस्त करने में जुट गए थे। जैसे-जैसे लाइनों की दुरुस्त किया जाता रहा बिजली आपूर्ति भी सुचारू कर दी गई।
विज्ञापन

बिजली निगम के अधिकारियों के मुताबिक पूरे सर्कल में सबसे अधिक नुकसान आदमपुर क्षेत्र में हुआ जहां खेतों में लगे छोटे ट्रांसफार्मर और बिजली खंभों को भारी क्षति पहुंची। खेदड़ बिजली प्लांट से सीधे हिसार सर्कल को जोड़ने वाली 400 केवी खेदड़-फतेहाबाद लाइन के नौ टावर गिर गए। गांव किरमारा के खेतों से गुजर रही इस लाइन के टावर गिरने से सर्कल के कई फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के एक्सईएन संजीव मेहरा ने बताया कि क्षतिग्रस्त टावर को दुरुस्त करने के लिए 50 तकनीकी कर्मचारियों की टीम रात से ही लगी रही। शुक्रवार शाम तक प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई।
हिसार सिटी डिवीजन में सबसे कम नुकसान
हिसार सिटी डिवीजन में आंधी का सबसे कम असर रहा। यहां नौ मीटर ऊंचाई वाले दो खंभे गिरे। इस कारण सिविल लाइन क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक बिजली बंद रही।
विज्ञापन

सब-डिवीजन स्तर पर गिरे खंभे
आदमपुर : 157
अग्रोहा : 118
बाडोपट्टी : 68
गंगवा : 33

बालसमंद : 08
हांसी : 99
नारनौंद : 16
सिसाय : 40

मुंढाल : 39

हिसार सर्कल में आंधी से बिजली खंभों और ट्रांसफार्मर को काफी नुकसान पहुंचा है। सर्कल में 734 बिजली खंभे गिरने से बड़े क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही। आपूर्ति बहाल करने के लिए दिनभर बिजली निगम की तकनीकी टीमें लगी रहीं। जिले में शाम तक बिजली व्यवस्था पूरी तरह सुचारू कर दी गई।- एफआर नकवी, एसई, डीएचबीवीएन, हिसार

सड़कों पर पेड़ गिरने से वाहन चालकों ने झेली परेशानी

आंधी से बड़ी संख्या में पेड़ गिरने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। वाहन चालकों को कई स्थानों पर परेशानी का सामना करना पड़ा। वन विभाग के रेंजर सूर्य सिंह ने बताया कि करीब 300 पेड़ गिरे हैं। आदमपुर, बालसमंद, बरवाला और उकलाना क्षेत्र में भी पेड़ गिरने की सूचनाएं मिलीं। सिरसा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग समेत हैबतपुर-खेरी रोड पर कई पेड़ गिर गए जिन्हें जेसीबी और ट्रैक्टरों की मदद से सड़क और नहरों से हटाया। इससे पहले मार्च, अप्रैल और मई की शुरुआत में करीब 1,500 पेड़ टूटे थे।

अग्रोहा में भारी नुकसान, ट्रैक्टर पर गिरी बिजली
अग्रोहा। क्षेत्र में वीरवार शाम तेज आंधी से अग्रोहा क्षेत्र में 150 से अधिक बिजली खंभे टूट गए और 10 से अधिक ट्रांसफार्मर गिरने से शहर सहित कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। किरमारा रोड पर कनोह गांव के किसान राजा की ढाणी में ट्रैक्टर पर बिजली गिरने से वह क्षतिग्रस्त हो गया। आंधी से एक कमरे की छत, दीवार और शेड उड़कर खेतों में जा गिरे। नंगथला में लांधड़ी रोड पर रामस्वरूप पंवार की तीन दुकानों की छतें उड़ गईं। नंगथला-किरमारा मार्ग स्थित कृषि यंत्रों की फैक्टरी में भी शेड, दीवार और उपकरणों को नुकसान पहुंचा है। खेदड़ थर्मल से फतेहाबाद जाने वाली हाई वोल्टेज लाइन के कई टावर गिरने से किरमारा-कनोह मार्ग बाधित हो गया। बिजली निगम के एसडीओ माणिक ने बताया कि सबसे अधिक नुकसान किरमारा, नंगथला, दुर्जनपुर और काजला गांवों में हुआ है। करीब 40 नए पोल लगाकर शुक्रवार देर शाम तक कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से बहाल कर दी गई।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें