अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
प्रदेश का पहला मॉडल कॅरिअर काउंसिलिंग सेंटर जनवरी 2018 में तैयार हो जाएगा। लघु सचिवालय स्थित रोजगार कार्यालय में यह सेंटर बनाया जा रहा है, जिसके लिए केंद्र सरकार की ओर से करीब 50 लाख रुपये का बजट मंजूर किया गया है।
युवाओं को कॅरिअर के बारे में सही जानकारी देने के लिए उनकी काउंसिलिंग बेहद जरूरी है। उन्हें रोजगार के अलावा शिक्षा के क्षेत्र में भी काउंसिलिंग की बेहद जरूरत है। इस सोच को लेकर केंद्र सरकार ने देशभर में करीब 100 मॉडल कॅरिअर काउंसिलिंग सेंटर स्थापित करने का फैसला लिया था, जिसमें हरियाणा में केवल हिसार में ही यह सेंटर मंजूूर किया गया। लघु सचिवालय स्थित रोजगार कार्यालय में यह सेंटर बनाना शुरू कर दिया गया है। इस प्रोजेक्ट के लिए कुल 50 लाख रुपये खर्च होंगे। पहले फेज के लिए करीब 7.50 लाख का बजट आया है, जिससे इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। यहां छह केबिन बनाए जा रहे हैं, जिनमें कॅरिअर काउंसलर बैठेंगे। यह पूरा एरिया एयर कंडीशन होगा। रोजगार कार्यालय की ओर से इसे जनवरी 2018 से शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। यह कार्यालय केंद्र सरकार की निगरानी में संचालित किया जाएगा। इस बारे में केंद्र सरकार की टीम लगातार फीडबैक भी लेगी।
दो काउंसलर देंगे सलाह
पहले फेज में यहां दो कॅरिअर काउंसलर होंगे, जो युवाओं को 10वीं, 12वीं, बीए के बाद युवाओं की काउंसिलिंग करेंगे। युवाओं को रोजगार के अलावा स्व रोजगार के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा उच्च शिक्षा के बारे में भी संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी।
ऑनलाइन भी ले सकेंगे काउंसिलिंग
युवाओं के लिए यहां कंप्यूटर, इंटरनेट भी होगा, जिसमें ऑनलाइन कॅरिअर काउंसिलिंग की सुविधा भी होगी। बेरोजगार युवा विश्व भर के किसी भी हिस्से के काउंसलर से सलाह ले सकेंगे। इसके लिए कुछ प्रमुख काउंसलर की लिस्ट भी तय होगी।
केंद्र सरकार की योजना के तहत मॉडल कॅरिअर काउंसिलिंग सेंटर स्थापित किया जा रहा है। पहले चरण में करीब 7.50 लाख की ग्रांट इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आई है। जनवरी 2018 तक इसे शुरू करने की तैयारी है।
-एकता भ्याण, सहायक रोजगार अधिकारी, हिसार
- 50 लाख का बजट मंजूर, केंद्र सरकार की ओर से दी जाएगी ग्रांट
-हरियाणा में केवल एक ही मॉडल कॅरिअर काउंसिलिंग सेंटर बनेगा