हिसार। जिले में कोरोना की तीसरी लहर घातक हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में वीरवार को 307 लोगों के पॉजिटिव होने और 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत होने की पुष्टि हुई। सात दिन में 9574 सैंपल की जांच की गई, जिसमें 2234 मरीज संक्रमित मिले यानि औसतन हर चौथा सैंपल पॉजिटिव मिल रहा है।
कोरोना से मौत का सिलसिला लगातार दिन जारी रहा। बुधवार को 373 लोग संक्रमित मिले, जबकि संक्रमित 70 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ा। बुजुर्ग व्यक्ति मंगाली गांव का रहना वाला था। तीसरी लहर में मौत का आंकड़ा 10 तक पहुंच चुका है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संक्रमितों में 7 चिकित्सक, 47 विद्यार्थी, 2 पुलिस कर्मचारी, 4 हेल्थ वर्कर,7 अध्यापक, 4 नर्स,1 बच्चे, 6 कैदी, 4 बैंक कर्मचारी शामिल हैं। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 1423 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में अनुसार तीसरी लहर में 1 से 27 जनवरी तक 4734 मरीज संक्रमित हो चुके हैं। इसमें सबसे अधिक 757 विद्यार्थी, 170 चिकित्सक, 663 गृहिणी, 344 सीनियर सिटिजन, 31 बच्चे, 135 कैदी शामिल हैं। तीसरी लहर में अब तक राहत कि बात यह रही है कि मरीजों को अस्पताल में भर्ती नही होना पड़ा। अब तक लगभग केवल 60 मरीजों को ही अस्पताल में भर्ती किया गया है। जिन 10 लोगों की मौत हो वह किसी न किसी गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थे। संक्रमित मरीजों में लगभग सभी ने टीकाकरण करवा रखा है।
लोगों से अपील है कि मास्क पहनें और भीड़भाड वाली जगह पर न जाएं। खांसी, जुकाम जैसे हल्के लक्षण दिखे तो सैंपल जरूर करवा लें। संक्रमण का सही समय पर चल सकें। इससे मरीज को इलाज भी समय पर मिल सकेगा। वायरस को आगे फैलने से रोका जा सके। - डॉ. सुभाष खतरेजा, डिप्टी सीएमओ