अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। डेंगू के कारण दो बच्चियों और एक किशोरी के मौत के मामले में नागरिक अस्पताल ने तीनों मामलों की मेडिकल स्टेटस रिपोर्ट तलब की है। शनिवार को इन केस की जानकारी लेने के लिए जिंदल अस्पताल के डॉक्टरों के साथ नागरिक अस्पताल के पैनल ने मीटिंग की। इस मीटिंग में मृतका आंचल व कोमल के इलाज से जुड़ी जानकारी ली गई। मीटिंग में जिंदल अस्पताल के डॉक्टरों टीम ने बताया कि दोनों बच्चियों के टेस्ट लाल पैथ लैब से करवाए गए थे। इसके अलावा उनके इलाज से संबंधित कागजात भी नागरिक अस्पताल को सौंपे गए। इन कागजात में डेंगू की पुष्टि है या नहीं इस बात का खुलासा अभी नहीं किया गया है।
जिला मलेरिया रोकथाम अधिकारी डॉ. जया गोयल ने बताया कि इन केस में अंतिम रिपोर्ट सोमवार तक आएगी। उसी के बाद डेंगू का पता चल पाएगा। इसके अलावा खुशी के मामले में इलाज करने वाले सेवक सभा अस्पताल से इलाज के कागजात मंगवाए गए हैं। दोनों केस में सोमवार तक फाइनल रिपोर्ट पेश कर दी जाएगी। इन केस में संबंधित अस्पताल द्वारा मरीज के ब्लड सैंपल नागरिक अस्पताल नहीं भेजे गए थे। शुक्रवार को शहर में डेंगू के कारण तीन मौत के केस सामने आए थे, जिनमें जिंदल कॉलोनी वासी आंचल, कोमल व मिलगेट की खुशी की मौत हो गई थी।
डेंगू संभावित कॉलोनियों में चलाया एंटी लारवा अभियान
शनिवार को हेल्थ इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह के नेतृत्व में शहर की कॉलोनियों में एंटी लारवा अभियान फिर चलाया गया। टीम ने जिंदल लेबर कॉलोनी, मॉडल टाउन, जिंदल स्ट्रिप्स लेबर कॉलोनी, मिल गेट न्यू सुंदर नगर एरिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लोगों को हेल्थ एजुकेशन, चिकनगुनिया, डेंगू, मलेरिया की बीमारी की रोकथाम के बारे में बताया गया। इस टीम मे डॉ. प्रमोद, डॉ. योगेश कुमार स्वास्थ्य टीम में एमपीएचडब्ल्यू राजपाल, मनदीप राठी, अमित कुमार, सुरेंद्र कुमार, सुनील कुमार, रविंद्र कुमार, सोहन, अनिल कुमार, फील्ड वर्कर रामनिवास, गंधर्व दास, कृष्ण कुमार शामिल रहे।
अब तक जिले के डेंगू केस -219
शहर में कुल केस-6
सीएचसी आर्य नगर -23
सीएचसी सिसाय -6
सीएचसी मंगाली -7
सीएचसी सोरखी -19
सीएचसी बरवाला -21
सीएचसी उकलाना -8
सीएचसी सीसवाल -8
तीनों केसों में इलाज करने वाले डॉक्टरों से रिपोर्ट ली गई है। सोमवार तक इन मामलों में फाइनल रिपोर्ट पेश की जाएगी। डेंगू संभावित कॉलोनियों में एंटी लारवा अभियान चलाया गया व आसपास मिले बुखार पीड़ितों के सैंपल लिए गए हैं। सभी अस्पताल को डेंगू संभावित के ब्लड सैंपल नागरिक अस्पताल में भेजने के लिए पत्र भेजा गया है।
-डॉ. जया गोयल, मलेरिया रोकथाम अधिकारी, हिसार।