अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
अनिता कुंडूू ने कहा कल्पना चावला अवार्ड मुझे हौसले की उड़ान देगा। अब 13 मार्च से इंडोनेशिया से सातों महाद्वीपों की सेवन समिट को फतह करने की शुरूआत करूंगी। कल्पना चावला की तरह मेरा लक्ष्य भी आसमान की चोटियां हैं।
अमर उजाला से बातचीत के दौरान हिसार की पर्वतारोही अनिता कुंडू ने बताया कि उन्हें वीरवार को महिला दिवस के मौके पर कल्पना चावला अवॉर्ड से चंडीगढ़ में मंत्री कविता जैन ने सम्मानित किया है। कोई भी अवॉर्ड मिले तो खुशी होती है। यह बहादुरी के लिए स्पेशल अवॉर्ड है। इस कारण मुझे अधिक खुशी महसूस हो रही है।
कुंडू ने कहा कि अवॉर्ड देते समय महिला विकास मंत्री कविता जैन ने भी मेरी बहादुरी को सराहते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि इस अवॉर्ड से मुझे अपना अगला सेवन समिट का मिशन फतह करने में काफी प्रोत्साहन मिलेगा। अब वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए मेरा अभियान 13 मार्च से शुरू होगा। इसमें मुझे करीब एक साल में विश्व की सात सबसे ऊंची चोटियों को फतह करना है।
माउंट एवरेस्ट को नेपाल और चाइना दोनों तरफ से फतह करने वाली माउंटेनियन अनिता कुंडू ने कहा कि मेरे पास अभी पैसा कम है। इसके बावजूद भी मेरा हौसला कम नहीं है। इसके लिए मुझे चाहे कितना ही कर्ज लेना पड़े मैं अपना मुकाम हासिल करने जाऊंगी। अगर मौसम ने साथ दिया तो इस चुनौती को पार करने में करीब एक वर्ष का समय लगेगा।
बाक्सर बनना चाहती थी बन गई पर्वतारोही..
उकलाना के फरीदपुर गांव की रहने वाली अनिता कुंडू ने बताया कि उसके पिता बाक्सिंग की प्रेक्टिस कराते थे। जब वह 13 साल की थी तो उनके पिता ईश्वर कुंडू की एक दुर्घटना में मौत हो गई। इसके चलते उसकी बॉक्सिंग छूट गई। इसके बाद मां ने दूध बेचकर उसको को हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल भर्ती कराया, जिसके बाद बॉक्सिंग छोड़कर पर्वतारोही के तौर पर करिअर शुरू किया। वर्ष 2013 में जब नेपाल की तरफ से माउंट एवरेस्ट फतह किया। वर्ष 2017 में चाइना की तरफ से पार किया।
यह है सातों महाद्वीप की सेवन समिट
सेवन समिट में एशिया की नेपाल व चाइना की तरफ से हिमालय पर्वत की माउंट एवरेस्ट (8848 मीटर या 29 हजार, 29 फुट), साउथ अमेरिका की एंडीज पर्वत श्रृंखला की अर्जेेंटीना स्थित एकोनकागुआ (6961 मीटर या 22 हजार, 838 फुट), नॉर्थ अमेरिका की एलास्का रेंज की यूनाइटेड स्टेट स्थित मैककिनले (6194 मीटर या 20 हजार, 322 फुट), अफ्रीका की तंजानिया स्थित किलीमंजारो (5895 मीटर या 19 हजार, 341 फुट) शामिल हैं। यूरोप के कॉकेसस पर्वत श्रृंखला की रसिया स्थित माउंट एलब्रस (5642 मीटर या 18 हजार, 510 फुट), अंटार्टिका की सेंटिनल पर्वत श्रृंखला की माउंट विंसन (4892 मीटर या 16 हजार, 50 फुट), ऑस्ट्रेलिया की इंडोनेशिया स्थित सुदिर्मन पर्वत श्रृंखला की पंकैक जया (4884 मीटर या 16 हजार, 24 फुट) शामिल हैं।