अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
बालसमंद रोड पर रावलवास के वाटर वर्क्स के पास एक टायल फैक्ट्री में आधी रात दो बदमाश घुस गए। उन्होंने मजदूरों को जगाकर रावलवास खुर्द निवासी फैक्ट्री मालिक रमेश के बारे में पूछा और मालिक वहां न होने पर तीन-चार हवाई फायर कर चार दिन में फैक्ट्री बंद करने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज किया है।
फैक्ट्री मालिक रावलवास खुर्द निवासी रमेश कुमार ने बालसमंद चौकी में शिकायत दी कि सोमवार रात दो बजे के आसपास दो अनजान युवक फैक्ट्री में आए और उन्होंने वहां मजदूरों को जगाया। फिर वे मजदूरों से पूछने लगे कि मालिक रमेश कहां है। उसके बाद उन्होंने कहा कि उसे कह देना कि चार दिन में फैक्ट्री बंद कर दे, वरना वे उसे जान से मार देंगे। उसके बाद दोनों बदमाशों ने जाते हुए ऑफिस की दीवार और गेट पर पिस्तौल से तीन-चार हवाई फायर किए। उसके बाद वे बालसमंद की तरफ फरार हो गए। फैक्ट्री मालिक ने बाद में इसकी शिकायत बालसमंद चौकी में दी। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो अनजान युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।