नारनौंद। गांव पेटवाड़ एक फीड प्लांट में ट्रक की चपेट में आने से 6 वर्षीय बच्ची हिमांशु की मौत हो गई। आरोपी चालक मौके से भाग गया। नारनौंद थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हांसी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
नारनौंद थाने से जांच अधिकारी कुलबीर के अनुसार, बिहार के समस्तीपुर जिले के गांव सराय निवासी प्रमोद राम ने बताया कि वह दो साल से फीड प्लांट में काम कर रहे हैं। शुक्रवार दोपहर करीब उनकी तीसरे नंबर की बेटी हिमांशु प्लांट परिसर में खेल रही थी। उसी समय प्लांट के अंदर से गुजर रहे ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बच्ची को ट्रक के अगले टायर से कुचल दिया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे हादसे की जानकारी दी। वह मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक हिमांशु दम तोड़ चुकी थी। सूचना मिलने पर नारनौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।