दिवाली के बाद 14 व 15 नवंबर को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए जिले में 46 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। जिसमें 45 ऑफलाइन तथा एक ऑफलाइन केंद्र बनाया गया है।
जिसमें करीब 15 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। तैयारियों को लेकर मंगलवार को सीएम मनोहरलाल खट्टर ने डीसी व पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा की।
अधिकारियों को इसके लिए व्यवस्था तैयार करने का निर्देश दिया। डीसी चंद्रशेखर खरे तथा एसपी सतेंद्र सिंह ने वीसी में हिस्सा लेकर इस बारे में जिले में उपलब्ध व्यवस्था के बारे में जानकारी।
उन्होंने बताया कि हिसार जिले में करीब 15 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए जिले में 45 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां अभ्यर्थी पैन से पेपर पर परीक्षा देंगे। जिले में केवल एक ऑनलाइन सेंटर बनाया गया है।
यह सेंटर ओम इंस्टीट्यूट में स्थापित किया गया है। यहां ऑनलाइन आवेदक कंप्यूटर पर परीक्षा दे सकेंगे। परीक्षा केंद्रों के बाहर करीब 200 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। परीक्षा केंद्र के बाहर धारा 144 लागू की जाएगी।
अभ्यर्थी परीक्षा से एक घंटा पहले केंद्र में प्रवेश कर सकते हैं। एचटैट में इस बार परीक्षा शुरू होने से दस मिनट पहले इंट्री बैन कर दी जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास जैमर लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके लिए भिवानी बोर्ड की ओर से एक कंपनी को टेंडर दिया गया है।
क्या ले जाना होगा
अभ्यर्थी नेट से अपना रोल नंबर यानी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इस एडमिट कार्ड के साथ अभ्यर्थी को एक अतिरिक्त फोटो ले जाना होगा। जो गजटेड अधिकारी से अटेस्टेड होना चाहिए।
सख्ती के बीच होगी परीक्षा
परीक्षा केंद्र में घुसते ही बायोमीट्रिक मशीन पर अपना अंगूठा निशान देना होगा। परीक्षा केंद्र में इंकलेस पेड से अंगूठे के निशान लिए जाएंगे। यहां फोटो व एडमिट कार्ड की जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में घुसने दिया जाएगा।
हर एक अभ्यर्थी की गेट से प्रवेश करते विडियोग्राफी की जाएगी।
अधिकारी करेंगे मुआयना
परीक्षा के दिन डीसी, एसडीसी, एसडीएम, एसपी, डीएसपी स्तर के अधिकारी खुद परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा बोर्ड की ओर से बनाए गए फ्लाइंग स्कवायड के दस्ते लगातार केंद्रों में छापा मारी करेंगें।