हिसार। जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत वीरवार को 4 लाख 39 हजार 792 बच्चों और युवाओं को एल्बेंडाजोल की गोलियां खिलाई गईं। स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों, कॉलेजों, आंगनबाड़ी केंद्रों और आईटीआई में 1435 बूथों पर अभियान चलाया।
जिले में कुल 5 लाख 10 हजार 71 बच्चों और युवाओं को दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के दौरान जो बच्चे दवा लेने से वंचित रह गए उन्हें 19 नवंबर को गोलियां दी जाएंगी।
विज्ञापन
जिला स्वास्थ्य विभाग की नोडल अधिकारी डॉ. रितू ने बताया कि अभियान में एक से पांच साल तक के 1 लाख 38 हजार 880 बच्चों को दवा दी गई। छह से 19 साल तक के 3 लाख 19 हजार 777 बच्चों को एल्बेंडाजोल खिलाई गई। इसके अलावा 20 से 24 साल की युवतियों को भी कृमिनाशक दवा दी गई।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों और किशोरों को पेट के कीड़ों से होने वाली समस्याओं से बचाना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचीं। जो बच्चे किसी कारणवश दवा नहीं ले सके उनके लिए 19 नवंबर को मॉप-अप राउंड चलाया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से छूटे हुए बच्चों तक दवा पहुंचाई जाएगी।