फोटो - 23, 24, 25, 26, 27, 34
- शादी समारोह में शामिल होकर चंडीगढ़ से सिरसा लौट रहा था परिवार, दंपती सहित मां-बेटी की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
सरदूलगढ़/ सिरसा। पंजाब के गांव सरदूलेवाला में शुक्रवार देर रात एक कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर में सिरसा निवासी एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दंपती और मां-बेटी शामिल है। कार चालक को गंभीर हालत में मानसा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद ट्रक चालक भाग गया। प्रारंभिक जांच में कार चालक को झपकी आना हादसे की वजह माना जा रहा है। इस घटना की जानकारी मिलते ही सिरसा के कारोबारी धर्मपाल लढ़ा के घर कोहराम मच गया।
थाना सरदूलगढ़ के एसएचओ गणेश्वर कुमार के मुताबिक सिरसा के अग्रसेन कॉलोनी निवासी कपड़ों के होलसेल व्यवसायी धर्मपाल के भतीजे की चंडीगढ़ में शादी थी। किराये की एक कार में सवार होकर उनके बहनोई अशोक बांसल (60), बहन उषा रानी (59), मां राधा देवी (95) व बेटी रीतू (53) शादी समारोह में शामिल होकर चंडीगढ़ से सिरसा लौट रहे थे। सरदूलेवाला के पास रात करीब साढ़े नौ कार की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। हादसा इतना जबर्दस्त था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। चालक संदीप सिंह को अस्पताल में भर्ती करवाया। गाड़ी के हिस्सों को काटकर चारों शवों को बाहर निकाला। मृतकों के रिश्तेदार विवेक कुमार के बयान पर अज्ञात ट्रक चालक पर प्राथमिकी दर्ज की है।धर्मपाल दूसरी गाड़ी में सरदूलगढ़ से 20 किलोमीटर के फासले पर थे। हादसे की सूचना पाकर वे सन्न रह गए।
आधे घंटे पहले हंसी-खुशी के साथ हुए थे रवाना
धर्मपाल लढ़ा व अन्य सभी लोग हादसे से करीब आधे घंटे पहले एक होटल में साथ बैठकर खाना खा रहे थे। हंसी-मजाक कर रहे थे। उन्हें क्या पता था कि कुछ ही देर बाद सदा के लिए बिछड़ जाएंगे। हादसे की सूचना मिलते ही सिरसा में शोक की लहर फैल गए। अग्रेसन कॉलोनी में हर किसी की जुबां खामोश हो गई। सभी नियति को कोस रहे थे।
आधे घंटे में आने की बात कह रहे थे परिजन
पुलिस के अनुसार, मृतकों की कार में मोबाइल फोन पड़े थे। हादसे के बाद उनके फोन की घंटी बज रही थी। पुलिस ने कॉल उठाकर परिजनों को घटनाक्रम के बारे में बताया तो सभी स्तब्ध रह गए। किसी को यकीन नहीं हुआ कि कुछ समय पहले जो घर पहुंचने की बात कह रहे थे वे सदा के लिए दुनिया छोड़ गए हैं। अशोक बांसल की दो बेटियां और एक बेटा है। बेटियों की शादी हो चुकी है। 22 वर्षीय बेटा अविवाहित है।