बालसमंद। फैमिली आईडी से आय का मिलान नहीं होने और विभागीय स्तर पर सत्यापन नहीं होने के कारण पिछले 20 दिनों में प्रदेशभर में हजारों आय प्रमाण पत्र रद्द हो चुके हैं। आय प्रमाण पत्र नहीं बन पाने के कारण प्रदेशभर में हजारों युवाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 20 दिन में 30 हजार से अधिक आय प्रमाण पत्र रद्द हो चुके हैं।
रद्द आय प्रमाण पत्र के आवेदन में कारण डाला गया है कि फैमिली आईडी से आय सत्यापन नहीं हुआ है। आय सत्यापन के अधूरे कार्य के कारण प्रदेश भर में दिक्क़तें आ रही है। हजारों विद्यार्थी छात्रवृति के आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, डॉ. आंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना के लिए आय प्रमाणपत्र की आवश्यकता पड़ती है। पोस्टमैट्रिक छात्रवृति की अंतिम तिथि को 15 फरवरी तक बढ़ाया गया था लेकिन आय प्रमाण पत्र न बन पाने के कारण हजारों छात्र फॉर्म भरने से वंचित रह गए हैं। सक्षम योजना के लाभ लेने के लिए भी आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता होती है, कन्यादान योजना के लिए भी आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता होती है, आईटीआई दाखिले सहित अन्य योजनाओं में आए प्रमाण पत्र की आवश्यकता होती है। कॉमन एंट्रेंस एग्जाम के लिए ईडब्ल्यूएस में आवेदन करने के लिए ईडब्ल्यूएस बनवाने के लिए भी आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता पड़ती है। लेकिन युवाओं को आय प्रमाण पत्र बनवाने में दिक्कतें आ रही हैं।
----
वर्जन
फैमिली आईडी में आय सत्यापन का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। रोजाना रिपोर्ट तैयार की जाती है। लोकल कमेटी फैमिली आईडी में आय सत्यापन का कार्य कर रही है।
- अभिषेक, जिला मैनेजर, क्रीड, हिसार।