अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
अभय सिंह चौटाला ने कहा अगर केंद्र सरकार ने नौ जुलाई तक सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार एसवाईएल का निर्माण शुरू नहीं किया तो इनेलो 10 जुलाई को पंजाब के वाहनों को हरियाणा की सीमा में नहीं घुसने देगी।
नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला शनिवार को चौधरी देवीलाल सेवा सदन में इनेलो कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इनेलो हर हाल में एसवाईएल का पानी लेकर आएगी। उन्होंने पूर्व सीएम हुड्डा पर निशाना साधा और कहा कि हुड्डा किसानों के लिए नहीं, बल्कि अपना कद बढ़ाने के लिए किसान पंचायतें कर रहे हैं। देश में आजादी के बाद पहली बार किसानों को फसल बीमा और नमी के नाम पर लूटा जा रहा है। एसवाईएल पर कांग्रेस और भाजपा राजनीति कर रही हैं। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि केंद्र सरकार ने नौ जुलाई तक एसवाईएल के निर्माण का कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया तो 10 जुलाई को इनेलो अंबाला में दिल्ली जाने वाले पंजाब के वाहनों को एक दिन के लिए सांकेतिक तौर पर रोकेगी। फिर भी कोई समाधान नहीं हुआ तो इनेलो अपना वकील खड़ा कर सुप्रीम कोर्ट में केस लड़ेगी।
पूर्व सीएम हुड्डा की किसान पंचायतों पर सवाल उठाते हुए अभय चौटाला ने कहा कि हुड्डा किसान हितैषी होते तो अपने राज में 10 साल तक किसानों की 70 हजार एकड़ जमीन एसईजेड के बहाने बिल्डरों को बेचकर जेब नहीं भरते। केंद्र सरकार ने जीएसटी जनता का ध्यान भटकाने के लिए लागू किया है। एक साल स्वच्छ भारत अभियान में निकाला, फिर एक साल बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नाम पर निकाला। अब एक साल जीएसटी के नाम पर निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि जीएसटी के नतीजे अभी कुछ दिनों बाद आएंगे, जिसके बाद इसकी मार सबसे गरीब आदमी पर पड़ेगी।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष राजेंद्र लितानी, विधायक रणवीर गंगवा, वेद नारंग, अनूप धानक, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, पूर्व विधायक पूर्ण सिंह डाबड़ा, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्षा शीला भ्याण, राष्ट्रीय सचिव चत्तर सिंह, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, राज सिंह मोर, हलका अध्यक्ष सजन लावट, सतबीर सिसाय, सतपाल सरपंच, सत्यवान, राव इंद्र फौजी आदि उपस्थित थे।
फोटो 21, 22, 23
कहा, नौ जुलाई तक एसवाईएल का निर्माण शुरू नहीं किया तो इनेलो उठाएगी कदम
-जीएसटी की मार सबसे ज्यादा गरीब आदमी पर पड़ेगी