अमर उजाला ब्यूूरो
हिसार।
बस स्टैंड के पीछे ऋषि नगर में व्यवसायिक भवन की सील तोड़कर निर्माण कार्य करने का मामला सामने आया है। नगर निगम को इस मामले की किसी ने शिकायत की है। बिल्डिंग ब्रांच ने इस साइट का नक्शा न बनवाने को लेकर इसे सील किया था। नगर निगम सील तोड़ने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएगा। इसको लेकर बिल्डिंग ब्रांच ने नोटिंग तैयार कर ली है। उच्च अधिकारियों के अनुमति मिलते ही संबंधित एरिया के थाना में शिकायत भेजी जाएगी।
हालांकि यह पहला मामला नहीं है। बिल्डिंग की सील तोड़ने के मामले पहले भी चलते रहे हैं। निगम के अधिकारी केवल दिखावा करते हैं। सील तोड़ने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होती। केवल थाने में शिकायत देकर अपना पक्ष बचाने के लिए औपचारिकता कर दी जाती है। पहले भी जिन भवन मालिकों ने सील तोड़ी, निगम की तरफ से उनके खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं करवाई गई। इसका उदाहरण होर्डिंग्स को लेकर लगाया जा सकता है। निगम ने 100 संस्थानों व फर्मों के खिलाफ अवैध होर्डिंग्स लगाने के बारे में एफआईआर दर्ज करने के बारे में लिखा था मगर आज तक एक भी एफआईआर दर्ज नहीं करवा पाया है।
बस स्टैंड के पास बिल्डिंग की सील तोड़ी
नगर निगम दर्ज कराएगा एफआईआर