फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम साहब कोहली से सीसवाल की सड़क में घटिया सामग्री जांच कराओ, सीएम बोले लिखित में दो

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। गांव सीसवाल में सीएम ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि आप हमारे पांच अच्छे काम बताओ। सीधी बात कार्यक्रम में सीसवाल के पंच ने कहा कि सीएम साहब! कोहली से सीसवाल के बीच बन रही सड़क में घटिया सामग्री लग रही है, इसकी जांच कराओ। सीएम बोले, लिखित में दो। जब तक लिखित में नहीं दोगे, कुछ नहीं होगा। अब आप बैठ जाओ, दूसरे मुद्दे पर बात करें।
रविवार को सीएम गांव सीसवाल में जनप्रतिनिधियों से सीधी बात कर रहे थे। पंच, सरपंचों ने सीएम को लिखित में शिकायत भी सौंपी। इसमें सड़क निर्माण सामग्री की जांच की मांग की है।
विज्ञापन


सीएम बोले - पांच अच्छे काम बताओ
सीएम बोले, हमारी सरकार के पांच अच्छे काम बताओ। जिस पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार ने पेंशन में फर्जीवाड़ा खत्म किया है। सरकार ने अफसरों की जवाबदेही तय की है। सरकार की मेरिट पर नौकरी, उज्ज्वला योजना की उपलब्धियां बताईं। सीएम ने पूछा विकास कार्य हुए या नहीं। बालक माइनर के मामले में ग्रामीण बोले, अब तक काम शुरू नहीं हुआ। सीएम ने सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता एआर भांभू से पूछा, क्यों काम नहीं हो रहा। एसई बोले, नहर में पानी होने के कारण काम अभी शुरू नहीं कर सके। ग्रामीणों ने कहा कि सीएम साहब! नहर तो सूखी है। एसई बोले, पानी छोड़ा हुआ है, आज रात 12 बजे तक पहुंचेगा। इस पर सीएम बोले, पानी नहीं आया तो मैं खुद आकर जांच करूंगा। मेरे आने के लिए हेलीकॉप्टर का तीन लाख भी आपसे लिया जाएगा।

प्रदेश के सभी गांवों के लाल डोरे की सीमा बढ़ाई जाएगी
सीसवाल में जनप्रतिनिधियों से सुझाव मांगे। इसमें जनप्रतिनिधि की मांग पर सीएम ने कहा हरियाणा के सभी गांवों के लाल डोरे की सीमा को बढ़ाया जाएगा। इसके लिए प्रदेशस्तरीय कमेटी का गठन किया गया है। जल्द ही अपनी सिफारिश देगी।

श्मशान के रास्ते छह माह में पक्के होंगे
सीएम ने कहा सभी गांवों के श्मशान घाट के रास्ते पक्के होंगे। चहारदीवारी, शेड, पानी की उचित व्यवस्था होगी। छह माह में यह काम पूरा होगा। इस पर 750 करोड़ रुपये की लागत आएगी। सीएम ने कहा अतिरिक्त जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र के विकास की रूपरेखा बनाकर आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि कर्णसिंह राणोलिया या उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में गत साढ़े तीन सालों में 240 करोड़ रुपये विभिन्न कार्यों पर खर्च किए हैं। विभिन्न गांवों के विकास कार्यों के लिए 60 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी गई है। इस क्षेत्र के प्रत्येक गांव में कम से कम एक करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं।
गैस चूल्हा किसके घर नहीं
सीसवाल, सदलपुर और बालसमंद तीनों जगह पूूछा कि किसके घर गैस चूल्हा नहीं है। सीएम ने डीसी को आदेश दिए कि सभी को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं। अगर किसी को गैस कनेक्शन न मिले तो ज्योति बैंदा, कर्ण सिंह राणौलिया या डीसी के घर से चूल्हा उठा लाना।
स्याही के खौफ में पेन तक रखवा लिए बाहर
पिछले महीने हिसार में रोड शो में मुख्यमंत्री पर काला तेल फेंके जाने की घटना के बाद से रविवार को सीएम के कार्यक्रम स्थल पर पेन ले जाने पर भी प्रतिबंध था। सुरक्षाकर्मियों ने मीडिया कर्मियों को भी पेन लेकर अंदर नहीं जाने दिया। कार्यक्रम स्थल से बाहर ही जनप्रतिनिधियों के पेन भी रखवा लिए गए। बीड़ी, माचिस के अलावा काले कपड़े वालों को भी बाहर रोका गया।

होर्डिंग पर केवल सीएम का फोटो
सीसवाल की जनसभा में समारोह स्थल पर लगे होर्डिंग पर सिर्फ अकेले मुख्यमंत्री का बड़ा फोटो लगाया गया था। इसके अलावा होर्डिंग पर सरकारी योजनाओं की फोटो प्रकाशित की गई थी।
डॉ. बनवारी लाल को बोलने का मौका नहीं
सीसवाल, सदलपुर और बालसमंद में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, विधायक डॉ कमल गुप्ता, माटी कला बोर्ड के चेयरमैन कर्ण सिंह राणोलिया ने संबोधित किया। तीनों जनसभा में किसी में भी जन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल को बोलने का मौका नहीं दिया गया।
विज्ञापन

यह रहे मौजूद
इस मौके पर हरियाणा वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के चेयरमैन श्रीनिवास गोयल, चेयरमैन जोगीराम सिहाग, भाजपा जिला प्रभारी जवाहर सैनी, जिला महामंत्री सुजीत कुमार, आशा रानी खेदड़, जिला सचिव कृष्ण बिश्नाई, जिला पार्षद कृष्ण सरसाना, सीसवाल सरपंच घीसाराम, सदलपुर सरपंच चंद्रशेखर, बालसमंद सरपंच मंजू गर्ग, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अरुण दत्त, प्रो. मंदीप मलिक, मंडल अध्यक्ष विक्रम कासनिया, हंसराज बैनीवाल मौजूद थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें