अमर उजाला ब्यूरो,
हिसार।
सिविल लाइन पुलिस पुष्पा कांप्लेक्स की आर्मी मोबाइल गैलरी में चोरी करने के आरोपियों का सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस ने मोबाइल गैलरी के सामने की एक दुकान और चिकनवास टोल के सीसीटीवी की फुटेज कब्जे में लेकर जांच का दायरा बढ़ाया है।
अर्बन एस्टेट चौकी पुलिस की एक टीम बुधवार को सुबह 10 बजे आर्मी मोबाइल गैलरी में पहुंची और आस-पास के दुकानदारों से बातचीत की। टीम ने मोबाइल गैलरी के निकट की एक दुकान और चिकनवास टोल के सीसीटीवी की फुटेज कब्जे में लेकर जांच का दायरा बढ़ा दिया है। मोबाइल गैलरी में दिनभर आस-पास के दुकानदारों का आना-जाना जारी रहा। वे संचालक विकास बजाज से बात कर उनको हौसला रखने की बात कहते रहे।
केस में चोरी किए गए माल की कीमत 9 लाख दिखाने पर रोष
सिविल लाइन पुलिस ने मोबाइल गैलरी संचालक विकास बजाज की शिकायत पर मंगलवार को अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने एफआईआर में चोरी किए गए माल की कीमत 9 लाख रुपये दिखाई है। मोबाइल गैलरी संचालक विकास पुलिस के चोरीशुदा माल की कीमत नौ लाख दिखाने पर आहत हैं। उनका कहना है कि चोरीशुुदा माल की कीमत 35 लाख रुपये से कम नहीं है। उनके पास माल का बिल हैं।
यह है मामला
पुष्पा कांप्लेक्स की आर्मी मोबाइल गैलरी का शटर उखाड़कर चोर मंगलवार तड़के 10 मिनट के अंदर स्मार्ट फोन और कुछ अन्य सामान चुरा ले गए थे। चोरों ने अगले भाग में लगे सीसीटीवी की दिशा बदल दी थी और दुकान के अंदर से डीवीआर साथ ले गए थे। एक दूसरी दुकान के सीसीटीवी की फुटेज में चार चोर सिल्वर कलर की कार में आते और फिर मंकी कैप पहने दुकान में जाकर सामान उठाकर वापस जाते दिख रहे हैं।