अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
राष्ट्रीय किसान महासंघ के आह्वान पर भारतीय किसान संघर्ष समिति के बैनर तले किसानों का जेल भरो आंदोलन बुधवार से शुरू हुआ। समिति के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कौथ, कृष्णस्वरूप गोरखपुरिया के नेतृत्व में 200 किसानों ने गिरफ्तारियां दीं।
इससे पूर्व उकलाना की अनाज मंडी में हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, भिवानी के किसान बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करने, कर्जा माफी की मांग को प्रमुखता के साथ उठाया।
किसान नेताओं ने कहा कि भाजपा अपने चुनावी वादों की अनदेखी करते हुए किसानों के साथ विश्वासघात कर रही है। इसलिए किसान अब जेल भरो आंदोलन करने पर मजबूर है। किसान अब 14 अगस्त तक हर रोज अपनी गिरफ्तारियां देंगे और 15 अगस्त को प्रधानमंत्री के भाषण के उपरांत ही वहां से रिहा होंगे। तब तक सरकार व प्रशासन को किसानों को जेल में रखना ही होगा, चाहे इसके लिए वे कोई भी प्रबंध करें। उन्होंने कहा कि किसानों का यह आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चलाया जाएगा, लेकिन अगर किसानों को दबाने का प्रयास किया गया तो किसान सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएंगे। धरने को कृष्ण स्वरूप गोरखपुरिया, महेंद्र पूनिया सहित अन्य किसान नेताओं ने भी संबोधित किया। वहीं इनेलो विधायक अनूप धानक, महिला नेत्री शीला भ्याण ने भी धरनास्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन देते हुए सहयोग करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर जिला प्रधान रघुविंद्र चेयरमैन, युवा जिलाध्यक्ष काला कनोह, रामफल सरेहड़ा, सत्यवान दनौंदा, सत्यवान कनौह, ओमप्रकाश मिर्जापुर, हवा सिंह भगाना, धर्मपाल खरड़, चांदीराम सिवानी सहित विभिन्न जिलों के किसान मौजूद थे।
किसानों के इस आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन ने शांति बनाए रखने की दृष्टि से व्यापक प्रबंध किए थे। आयोजन स्थल पर दो डीएसपी जितेंद्र कुमार एवं जयपाल 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों के साथ उपस्थित थे। ड्यूटी मजिस्ट्रेट अनिल परूथी भी कार्यक्रम पर नजर बनाए रहे, वहीं गुप्तचर विभाग भी मौजूद रहा।
इनेलो नेताओं ने दिया समर्थन
इनेलो विधायक अनूप धानक, इनेलो महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण ने पहुंचकर किसानों की मांगों का समर्थन किया। समिति के अनुसार अब हर रोज 14 तारीख तक धरना चलेगा। महिलाएं भी धरने में भाग लेंगी, लेकिन उनकी गिरफ्तारी के लिए मना कर दिया गया है। आंदोलन 14 तारीख को हिसार के जिंदल पार्क में संपन्न होगा, जहां किसान अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करेंगे। पीएम मोदी को पुतले की शवयात्रा निकाली जाएगी।
94 को जमानत दी, 11 को जेल भेजा
कमेटी में रघुवीर, सत्यवान, होशियार सिंह को सदस्य मनोनीत किया गया है। पुलिस ने तहसीलदार राजेश कुमार के आदेश पर सुरेश कोथ, अशोक, मनोज, दीपक, अंग्रेज, दलबीर, बारूराम, जिलेसिंह, जसविंद्र सिंह, जुगवीर, चंद्रशेखर को जेल भेज दिया। 94 को किसानों को जमानत पर रिहा कर दिया।
फोटो 18, 63, 64, 65
अनाज मंडी में दिया धरना, दो डीएसपी ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, भिवानी के किसान पहुंचे