अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत 28 नवंबर को चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक खेती विषय पर कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के अनुसंधान निदेशक डॉ. एसके सेठी ने बताया कि विश्वविद्यालय के दीनदयाल उपाध्याय जैविक खेती उत्कृष्टता केंद्र द्वारा गुरुकुल कुरुक्षेत्र एवं ग्राम विकास गतिविधि हरियाणा प्रांत के सहयोग से आयोजित की जा रही इस तीन दिवसीय कार्यशाला की विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह अध्यक्षता करेंगे जबकि जाने-माने कृषि विशेषज्ञ डॉ. सुभाष पॉलेकर मुख्य वक्ता होंगे और जीरो बजट नेचुरल फार्मिंग विषय पर अपने विचार रखेंगे। कार्यशाला में लाला लाजपतराय पशु चिकित्सा एवं पशुविज्ञान विश्वविद्यालय, हिसार, गुरुकुल कुरुक्षेत्र, हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर, ग्राम विकास गतिविधि हरियाणा प्रांत, आईसीएआर- इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मिंग सिस्टम रिसर्च, मोदीपुरम (यूपी) के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भाग लेंगे। कार्यशाला में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान तथा अन्य राज्यों के 2000 से अधिक किसान भी भाग लेंगे। इस कार्यशाला में प्रतिभागी किसानों को घट रही मृदा उर्वरता एवं उत्पादकता, रसायनों का मानव के स्वास्थ्य पर हो रहे दुष्प्रभावों के चलते समय की मांग के अनुरूप प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक खेती को अपनाने बारे जागरूक एवं उत्साहित किया जाएगा।