हिसार। जिला नगर योजनाकार की टीम ने कैमरी रोड से तोशाम रोड को जाने वाली लिंक सड़क पर बनी तीन अवैध कालोनियों पर कार्रवाई करते हुए इनमें बने अवैध निर्माण व सड़कों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया।
जिला नगर योजनाकार अनिल डबास ने बताया कि विभाग की टीम द्वारा जिला प्रशासन व पुलिस की मदद से नियंत्रित शहरी क्षेत्र के राजस्व संपदा में कैमरी रोड से तोशाम रोड को जाने वाली लिंक सड़क पर लगभग पांच एकड़ में विकसित की जा रही 3 अवैध कालोनियों में बनाई गई सड़कों व डीपीसी आदि को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया।
डीटीपी ने मौके पर आमजन को समझाया कि वे अवैध कालोनियों में प्रोपर्टी डीलरों के बहकावे में न आएं। अवैध कालोनियों में प्लाट खरीदना पैसे को बर्बाद करने के समान है और इस जमीन पर निर्माण करना गैरकानूनी है जिस पर जिला नगर योजनाकार द्वारा कभी भी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि अवैध कालोनियों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।